लखीमपुर खीरी जिले के नीमगांव थाना क्षेत्र में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला है। युवक तीन दिन से लापता था। उसकी पहचान बरूई रामुआपुर निवासी 30 वर्षीय मधुराम उर्फ मोगी के रूप में हुई है। शव मंगलवार (17 फरवरी, 2026) शाम करीब चार बजे बेहजम ब्लॉक के गुलौला ग्राम पंचायत के खुर्ही गांव के पास सरायन नदी के किनारे एक नीम के पेड़ से लटका हुआ मिला। उसके गले में पतैल की रस्सी का फंदा लगा हुआ था। परिजनों के अनुसार, मधुराम रविवार को अपनी पत्नी पूनम से हुए विवाद के बाद घर से लापता हो गए थे। विवाद के बाद पूनम अपने मायके आशिक नगर चली गई थीं, और मधुराम उसी दिन से घर नहीं लौटे थे। मंगलवार को गांव के एक व्यक्ति ने परिजनों को मधुराम का शव पेड़ से लटका होने की सूचना दी। मधुराम के पिता गिरधारी और मां हरियाणा में मजदूरी करते हैं। घर में मौजूद मधुराम की बहनों ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही नीमगांव थाना के एसआई जितेंद्र पाल सिंह, एसआई राघवेंद्र और सिपाही मनीष कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रधान गुलौला बृजकिशोर गुप्ता और पूर्व प्रधान कैमा बुजुर्ग आरके वर्मा सहित परिजनों की मौजूदगी में शव को कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है।


