महोबा। अतिरिक्त दहेज में कार और प्लाट की मांग पूरी न होने पर एक महिला को उसके पति और ससुरालियों ने मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। आरोप है कि पति ने बाद में दूसरी शादी भी कर ली। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वार्ड नंबर 14, शास्त्रीनगर कस्बा, राजपुर, कानपुर देहात निवासी नगमा खातून ने बताया कि उनकी शादी 9 अप्रैल 2018 को महोबा के कुलपहाड़ थाना क्षेत्र के मुहल्ला जमींदारी कस्बा जैतपुर निवासी ताजुद्दीन से हुई थी। शादी में उनके परिजनों ने साढ़े चार लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य दहेज का सामान दिया था। नगमा के अनुसार,शादी के बाद पति ताजुद्दीन, पिता कुतुबुद्दीन, मां कुरैशा, बहन शगुफ्ता, बहनोई शाकिर, शाहीन और अन्य ससुरालियों ने उन्हें कम दहेज का ताना देना शुरू कर दिया। इन लोगों ने महोबा में एक प्लाट और एक कार की अतिरिक्त दहेज के रूप में मांग की। जब नगमा ने अपनी असमर्थता जताई,तो उनके साथ मारपीट की जाने लगी और उन्हें मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। पीड़िता ने स्थानीय चौकी पुलिस से शिकायत की,लेकिन उन्हें समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया। कुछ दिनों बाद ससुरालियों ने फिर से मारपीट शुरू कर दी और प्लाट व कार की मांग दोहराई।नगमा ने फोन पर अपने परिजनों को इसकी सूचना दी।इस दौरान उन्हें एक बेटी भी हुई। ससुरालियों ने नगमा को धमकी दी कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई, तो वे बेटे की शादी दूसरी जगह कर देंगे, क्योंकि वह रेलवे में नौकरी करता है।पति की दूसरी शादी कराने के लिए नगमा को ससुराल से अलग जैतपुर में किराए के कमरे में रखा गया।चार माह पहले पति ने बिना तलाक लिए छतरपुर,मध्य प्रदेश के लवकुशनगर कस्बा,मंडी रोड निवासी काजल से गोपनीय तरीके से दूसरी शादी कर ली। नगमा को इसकी जानकारी रिश्तेदारों के माध्यम से हुई। इसके बाद नगमा ने कुलपहाड़ थाने में सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित पति ताजुद्दीन, कुतुबुद्दीन, कुरैशा, शगुफ्ता समेत 11 आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


