मुजफ्फरनगर में प्रेम विवाह करने वाले एक दंपति ने अपनी सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे इस जोड़े ने प्रार्थना पत्र देकर जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। यह मामला मदीना कॉलोनी निवासी फरहा और नसीरपुर निवासी कासिम से संबंधित है। फरहा ने बताया कि उन्होंने 23 मार्च को अपनी मर्जी से मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार निकाह किया था। इसके बाद, दोनों ने अपने विवाह को कानूनी मान्यता देने के लिए कोर्ट मैरिज भी की। दंपती का आरोप है कि फरहा के मायके पक्ष के लोग इस शादी से नाराज हैं और लगातार उन्हें धमकियां दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि न केवल उन्हें, बल्कि कासिम के परिवार को भी जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। फरहा ने स्पष्ट किया कि उन्होंने यह विवाह अपनी इच्छा से किया है और उन पर किसी प्रकार का दबाव नहीं था। कासिम ने बताया कि उनकी मुलाकात लगभग 3 साल पहले एक शादी समारोह में हुई थी, जिसके बाद उनके बीच प्रेम संबंध विकसित हुए और उन्होंने शादी करने का फैसला किया। दंपती ने पुलिस से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और धमकी देने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।


