भास्कर न्यूज |लुधियाना सब्जी मंडी में आढ़ती ध्यान सिंह की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने सुसाइड नोट और मृतक के बेटे जगदीश की शिकायत के आधार पर आरोपियों मदन लाल व शैली के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को मृतक के परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस थाने पहुंचे। जहां उन्होंने प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। जानकारी के अनुसार ध्यान सिंह ने सोमवार सुबह मंडी में ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी, लेकिन देर शाम तक आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया, जिससे परिजनों में नाराजगी फैल गई। पुलिस द्वारा कार्रवाई का आश्वासन देने के बावजूद जब रात तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई तो परिवार ने पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद बढ़ते विरोध को देखते हुए पुलिस ने सोमवार देर रात मामला दर्ज किया। ^सुसाइड नोट में जिन दो लोगों के नाम सामने आए हैं, उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। – कुलदीप सिंह आईओ सुसाइड नोट मंगलवार सुबह परिजन थाना बस्ती जोधेवाल के बाहर इकट्ठा हुए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया, हालांकि पुलिस ने उन्हें एफआईआर की कॉपी सौंपकर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक के बेटे जगदीश ने आरोप लगाया कि उसके पिता को आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया, उसने बताया कि करीब एक लाख रुपए के लेन-देन को लेकर आरोपी उनके पिता पर दबाव बना रहे थे। आरोप है कि रुपयों के लिए कुछ दिनों पहले उनके पिता के साथ मारपीट भी की गई। इस मारपीट की वजह से समाज में उनके पिता का काफी अपमान हुआ। इस बेइज्जती की वजह से उनके पिता ने आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उन्होंने सुसाइड लेटर में आरोपियों के नाम भी लिखे है। जगदीश सिंह ने बताया कि उनके पिता ध्यान सिंह को मानसिक रूप से इस कदर प्रताड़ित किया गया कि वह मरने के लिए मजबूर हुए है।


