बाबरी मस्जिद बनाने का ऐलान करने वाले हुमायूं कबीर ने योगी आदित्यनाथ पर साधा निशाना

बाबरी मस्जिद बनाने का ऐलान करने वाले हुमायूं कबीर ने योगी आदित्यनाथ पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बाबरी मस्जिद से जुड़े बयान पर सियासी घमासान तेज हो गया है। पूर्व तृणमूल कांग्रेस नेता और जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर ने इस बयान पर कड़ा जवाब देते हुए खुली चुनौती दी है।

पूर्व टीएमसी नेता हुमायूं कबीर ने 10 फरवरी 2026 को योगी आदित्यनाथ के बयान पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने साफ कहा कि वे पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की नकल पर आधारित मस्जिद बनाकर रहेंगे और उन्हें कोई नहीं रोक सकता। हुमायूं कबीर ने योगी को सीधे चुनौती देते हुए कहा, “मस्जिद बनाकर रहूंगा, रोक सको तो रोक लो।”

संविधान हर नागरिक को अपने धर्म के अनुसार पूजा स्थल बनाने का अधिकार देता

मुर्शिदाबाद में एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में हुमायूं कबीर ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश या लखनऊ नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल है। जहां ममता बनर्जी की सरकार है। उन्होंने दावा किया कि भारतीय संविधान हर नागरिक को अपने धर्म के अनुसार पूजा स्थल बनाने का अधिकार देता है। जैसे हिंदू मंदिर और ईसाई चर्च बनाते हैं। वैसे ही मुसलमानों को भी मस्जिद बनाने का पूरा हक है।

बाबरी की बरसी पर रखी मस्जिद की नींव

हुमायूं कबीर ने बताया कि उन्होंने 6 दिसंबर 2025 को बाबरी ढांचे के गिराए जाने की बरसी पर मस्जिद की नींव रखी थी। अब 11 फरवरी 2026 से विधिवत निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। उनके अनुसार, सुबह करीब 10 बजे लगभग 1,200 लोग कुरान पढ़ते हुए निर्माण कार्य की शुरुआत करेंगे।

अपने फैसले पर अडिग रहेंगे

उन्होंने कहा कि वे किसी भी तरह के दबाव से डरने वाले नहीं हैं और अपने फैसले पर अडिग रहेंगे। अगर कोई इस काम को रोकने की कोशिश करता है। तो वे उसका सामना करने के लिए तैयार हैं। इस बयान के बाद पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है। विधानसभा चुनाव से पहले इस मुद्दे ने राज्य की राजनीति में नया मोड़ ला दिया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह विवाद और गहराएगा, क्योंकि सांप्रदायिक मुद्दे एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *