जयपुर में इंसानियत तार-तार: एक दिन की नवजात नाले में फेंकी, कचरा बीनने वाले की सतर्कता से मौत के मुंह से लौटी मासूम

जयपुर में इंसानियत तार-तार: एक दिन की नवजात नाले में फेंकी, कचरा बीनने वाले की सतर्कता से मौत के मुंह से लौटी मासूम

Jaipur News: राजस्थान की राजधानी में एक बार फिर रिश्तों को कलंकित करने वाली हृदयविदारक घटना सामने आई है। गलता गेट थाना क्षेत्र के कल्लन शाह कॉलोनी में अज्ञात लोगों द्वारा महज एक दिन की नवजात बच्ची को कचरे के नाले में फेंकने का मामला प्रकाश में आया है। इस घटना ने एक तरफ जहां समाज की संवेदनहीनता को उजागर किया है। वहीं, एक कचरा बीनने वाले की सतर्कता ने मिसाल पेश की है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब चार बजे कल्लन शाह कॉलोनी के पास स्थित एक नाले में एक कपड़े की पोटली पड़ी थी। उसी दौरान वहां से गुजर रहे एक कचरा बीनने वाले की नजर उस पर पड़ी। जब उसने पोटली में हलचल देखी, तो वह दंग रह गया। पास जाकर देखा तो उसमें एक नवजात बच्ची लिपटी हुई थी। उस व्यक्ति ने तुरंत शोर मचाकर आसपास के लोगों को एकत्र किया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस की कार्रवाई और स्वास्थ्य स्थिति

सूचना मिलते ही गलता गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी धर्म सिंह ने बताया कि बच्ची को बिना समय गंवाए गणगौरी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची की हालत अब स्थिर है और उसे विशेष निगरानी में रखा गया है। गनीमत रही कि समय रहते बच्ची को देख लिया गया, वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था।

दोषियों की तलाश जारी

पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहा है और स्थानीय अस्पतालों व प्रसूति केंद्रों से हाल ही में जन्म लेने वाले बच्चों का रिकॉर्ड जुटा रहा है।

“यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। हम उन निर्दयी परिजनों की पहचान करने में जुटे हैं जिन्होंने इस मासूम को लावारिस छोड़ा। बच्ची की जान बचाने वाले व्यक्ति का कार्य सराहनीय है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *