डीडवाना में रमजान के आखिरी जुमे, जुमातुल विदा के अवसर पर मस्जिदों में भारी संख्या में नमाज़ी उमड़े। इस दौरान नमाज़ अदा करने के साथ ही फितरा, ज़कात और ईद-उल-फितर की सुन्नतों के बारे में जानकारी दी गई। पुरानी ईदगाह में काजी-ए-शहर रेहान उस्मानी ने बताया कि 29 रमजानुल मुबारक के अनुसार, यदि 19 मार्च (गुरुवार) को चांद दिखाई देता है, तो ईद-उल-फितर 20 मार्च (शुक्रवार) को मनाई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि डीडवाना में ईद की नमाज़ विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग समय पर अदा की जाएगी। पुरानी ईदगाह में सुबह 8:00 बजे शहर काजी की उपस्थिति में नमाज़ होगी। नई ईदगाह में नायब शहर काजी सादिक उस्मानी सुबह 7:45 बजे नमाज़ अदा करवाएंगे। मदीना मस्जिद साल्ट रोड और जमात खाना कुरैशियान में सुबह 7:30 बजे, मस्जिद बाग कॉलोनी में सुबह 7:00 बजे और शेखा बासनी मस्जिद में सुबह 7:45 बजे नमाज़-ए-ईद उल फितर अदा की जाएगी। काजी-ए-शहर ने फितरा की राशि भी घोषित की। प्रति सदस्य 75 रुपये निर्धारित किए गए हैं, जिसे ईद की नमाज़ से पहले अदा करना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि फितरा 2 किलो 45 ग्राम अनाज के रूप में भी दिया जा सकता है। ईद के दिन शहर काजी का काफिला उनके निवास स्थान से सुबह 7:35 बजे जुलूस के रूप में रवाना होगा। यह जुलूस शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए पुरानी ईदगाह पहुंचेगा, जहां ईद की नमाज़ अदा की जाएगी।


