पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने एवं प्लास्टिक मुक्त अभियान को लेकर गो प्लास्टिक फ्री संदेश के साथ 21 फरवरी को निकलेगी हुब्बल्ली-गोवा टीएसडी कार रैली

पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने एवं प्लास्टिक मुक्त अभियान को लेकर गो प्लास्टिक फ्री संदेश के साथ 21 फरवरी को निकलेगी हुब्बल्ली-गोवा टीएसडी कार रैली

सटीक ड्राइविंग पर आधारित इवेंट
रोटरी क्लब ऑफ हुब्बल्ली विद्यानगर, रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3170 के तत्वावधान में 21 फरवरी को प्रतिष्ठित टीएसडी कार रैली -3 का आयोजन हुब्बल्ली से गोवा तक किया जाएगा। क्लब के इस प्रमुख कार्यक्रम का यह तीसरा संस्करण है। रैली का फ्लैग ऑफ सुबह 7.30 बजे गोकुल रोड स्थित इनऑर्बिट मॉल से किया जाएगा, जबकि उसी दिन सायं 6.30 बजे गोवा के मिरामार स्थित क्लब डी गैस्पर डायस में पुरस्कार वितरण एवं डिनर का आयोजन होगा। आयोजकों के अनुसार टीएसडी यानी टाइम, स्पीड और डिस्टेंस पर आधारित यह प्रतियोगिता रेसिंग नहीं, बल्कि सटीक ड्राइविंग पर आधारित इवेंट है। प्रतिभागियों को निर्धारित औसत गति और समय के अनुसार यात्रा करनी होती है तथा घोषित एवं गुप्त चेक पॉइंट्स पर समय दर्ज किया जाता है। समय से पहले या बाद में पहुंचने पर पेनल्टी अंक दिए जाते हैं।

महिला प्रतिभागी भी होंगी
रैली के दौरान यातायात नियमों का पालन अनिवार्य रहेगा। चालक के पास वैध लाइसेंस तथा वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज होना जरूरी है। ओवरस्पीडिंग, शॉर्टकट, मद्यपान, मोबाइल फोन का उपयोग और बाहरी सहायता पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगी। नेविगेशन ऐप का उपयोग भी अनुमत नहीं है। इस वर्ष रैली की थीम गो प्लास्टिक फ्री रखी गई है, जिसका उद्देश्य प्लास्टिक उपयोग कम करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम से प्राप्त राशि पर्यावरण संबंधी जागरूकता अभियानों में उपयोग की जाएगी।
आयोजकों के अनुसार कर्नाटक, महाराष्ट्र और गोवा से 70 से अधिक कारों के भाग लेने की संभावना है, जबकि पुरस्कार समारोह में 200 से अधिक प्रतिभागियों और अतिथियों के शामिल होने की उम्मीद है। पिछले वर्षों की तरह इस बार भी महिला प्रतिभागियों की बड़ी भागीदारी देखने को मिलेगी। सामान्य श्रेणी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेताओं को क्रमश: 31 हजार रुपए, 31 हजार रुपए एवं 11 हजार रुपए नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। महिला टीमों को विशेष सम्मान भी प्रदान किया जाएगा।

समारोह में मुख्यमंत्री सावंत होंगे शामिल
फ्लैग ऑफ समारोह में हुब्बल्ली सेंट्रल के विधायक महेश टेंंगिनकाई तथा हंगल के विधायक श्रीनिवास माने के शामिल होने की संभावना है, जबकि गोवा में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत सहित रोटरी डिस्ट्रिक्ट के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। रैली के प्रमुख प्रायोजकों में इनऑर्बिट मॉल हुब्बल्ली के अलावा बीटीएम ग्रुप ऑफ कंपनीज, बिग मिश्रा, निकेतन बिल्डर्स और क्रीक वैली सहित अन्य सहयोगी शामिल हैं। पंजीकरण एवं जानकारी के लिए रोटेरियन संजय शेट्टी से संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *