Hotel on Moon : अक्सर हम गानों में सुनते हैं चांद पर चलो या चांद के पार चलो… पर अब ये सपना हकीकत होने जा रहा है। 2032 तक इंतजार करिए तब तक चांद पर होटल बनकर तैयार हो जाएगा। इसके लिए एडवांस बुकिंग की जा रही है। अगर आप चांद पर छुट्टी या हनीमून (Vacation on Moon) मनाने की सोच रहे हैं तो आप तैयार हो जाएं। आइए, विस्तार से चांद पर होटल को लेकर आई खबर के बारे में पढ़ते हैं।
2032 तक चंद्रमा पर एक होटल
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कैलिफोर्निया स्थित एक स्टार्टअप 2032 तक चंद्रमा पर एक होटल बनाने की योजना बना रहा है। इस कंपनी का दावा है कि यह “पृथ्वी से बाहर पहली स्थायी संरचना” होगी। इसको लेकर तैयारी की जा रही है।
चांद पर छुट्टी का सपना पूरा कर रहा ये शख्स
बर्कले से स्नातक कर चुके स्काइलर चान ने ‘गैलेक्टिक रिसोर्स यूटिलाइजेशन स्पेस’ (GRU) की स्थापना की है। उन्होंने सोमवार, 12 जनवरी को होटल के आर्किटेक्चर और बुकिंग वेबसाइट का अनावरण किया। 2032 की समयसीमा को पूरा करने के लिए कंपनी अपनी खास ‘हैबिटेशन मॉड्यूल सिस्टम’ और एक स्वचालित प्रक्रिया का उपयोग करेगी, जो चांद की मिट्टी (lunar soil) को टिकाऊ संरचना में बदल देगी। बता दें, मिशन 1और 2 के तहद इसे पूरा किया जाएगा।
चान ने मीडिया को बताया है कि चंद्रमा की अर्थव्यवस्था के विकास के लिए ये आवश्यक है। अब हम इस मोड़ पर आ चुके हैं कि हमें चांद पर टूरिज्म को लेकर सोचना चाहिए और इस दिशा में काम करना चाहिए।
9 करोड़ रुपये बुकिंग राशि
इस ऐतिहासिक यात्रा का हिस्सा बनने के लिए संभावित अंतरिक्ष यात्रियों को $1,000,000 (लगभग 9 करोड़ रुपये) जमा राशि देनी होगी। इतनी राशि के बाद ही वो बुकिंग कर पाएंगे। हालांकि, ये बेहद अमीर लोगों के लिए ही संभव है।


