नूंह जिले में किसानों को बेचे जा रहे बीजों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए बागवानी विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग ने पिनंगवां और नगीना क्षेत्रों में बीज विक्रेताओं की दुकानों पर अचानक जांच की, जिससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया। इस दौरान विभिन्न दुकानों से बीजों के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए सील किया गया। कुल 9 बीज नमूने जांच के दायरे में आए हैं। इन नमूनों को लैब में भेजा गया है, ताकि उनकी गुणवत्ता की जांच की जा सके। इस कार्रवाई के दौरान पिनंगवां ब्लॉक से रवि खाद-बीज भंडार और वीर खाद-बीज भंडार की दुकानों की जांच की गई। वहीं, नगीना क्षेत्र में सैनी खाद-बीज विक्रेता और बत्रा खाद-बीज की दुकानों से नमूने लिए गए। फसलों का रकबा लगातार बढ़ रहा बागवानी विभाग के अधिकारी डॉक्टर अब्दुल रजाक ने बताया कि जिले में बागवानी फसलों का रकबा लगातार बढ़ रहा है और किसान नई-नई फसलें उगा रहे हैं। ऐसे में बीजों की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही किसानों के लिए बड़ा नुकसान साबित हो सकती है। इसी कारण बीज विक्रेताओं की नियमित जांच की जा रही है, ताकि बाजार में घटिया या अमानक बीज न बिक सके। गुणवत्ता खराब मिलने पर होगी कार्रवाई जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि कोई बीज गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरता है, तो संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभागीय सूत्रों के अनुसार, बीजों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यह जांच प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।


