जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर टांडा के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। चोलंग टोल प्लाजा पर खड़ी एक पिकअप गाड़ी से तेज रफ्तार अर्टिगा कार की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें मां-बेटे समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर स्थित चोलंग टोल प्लाजा के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक बेकाबू अर्टिगा कार ने टोल प्लाजा पर खड़ी एक महिंद्रा पिकअप को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और इसमें सवार तीन लोगों की जान चली गई। CCTV में कैद हुई मौत की रफ्तार मिली जानकारी के अनुसार, अर्टिगा कार जालंधर की तरफ से आ रही थी। जैसे ही कार चोलंग टोल प्लाजा के पास पहुँची, चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे वहां खड़ी पिकअप से जा टकराई। इस पूरी घटना का खौफनाक मंजर टोल प्लाजा पर लगे CCTV कैमरों में भी कैद हो गया है, जिसमें टक्कर की तीव्रता को साफ देखा जा सकता है। मृतकों की पहचान और परिवार में मातम इस सड़क हादसे में दसूहा के रहने वाले एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान शबनम कौर (48), पत्नी मानव सैनी और उनके 19 वर्षीय बेटे दुशांत सैनी के रूप में हुई है। जवान बेटे और पत्नी की एक साथ मौत की खबर मिलते ही दसूहा स्थित उनके घर में कोहराम मच गया है। हादसे में तीसरे मृतक की पहचान मिट्ठू, निवासी बाजा चक (गुरदासपुर) के तौर पर हुई है। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि एक अन्य महिला, जिसकी पहचान टीना के रूप में हुई है, उसे भी गंभीर हालत में एम्बुलेंस के जरिए लाया गया था, लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल (SSF) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल टांडा भेज दिया गया है, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है। हाईवे पर हुए इस हादसे के बाद काफी समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि टोल प्लाजा के पास वाहनों की गति पर नियंत्रण न होना अक्सर ऐसे हादसों का कारण बनता है।


