कन्नौज में भीषण सड़क हादसा, कोयला लदा कंटेनर पलटा, कई लोगों के दबने की आशंका

कन्नौज में भीषण सड़क हादसा, कोयला लदा कंटेनर पलटा, कई लोगों के दबने की आशंका

Kannauj Accident News: यूपी के कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र में तालग्राम रोड पर भाऊलपुर चौराहे के पास रविवार सुबह करीब 8 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोयला लदा एक बड़ा कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में कई लोगों के कंटेनर के नीचे दबने की आशंका है। पलटते समय कंटेनर ने सड़क किनारे रखे खोखों को टक्कर मार दी। पास से गुजर रहे लोग और बाइक सवार इस हादसे की चपेट में आ गए। घटना इतनी भयानक थी कि कई लोगों के अंग-भंग होकर इधर-उधर बिखर गए। इस देखकर मौके पर मौजूद लोग दहल गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

बाइक पूरी तरह बर्बाद

हादसे में कई बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। कंटेनर के भारी वजन के कारण नीचे दबे लोगों को निकालना बहुत मुश्किल हो रहा है। लोगों में दहशत का माहौल है। अभी तक आधिकारिक रूप से मृतकों और घायलों की सही संख्या नहीं बताई गई है।

बचाव कार्य जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। छिबरामऊ कोतवाल कपिल दुबे, सीओ सुरेश मालिक समेत कई थानों की पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। जेसीबी मशीन बुलाई गई, लेकिन कंटेनर का भारी वजन होने के कारण उसे हिलाने में काफी मशक्कत हो रही है। अब तक दो शवों को कंटेनर के नीचे से निकालकर छिबरामऊ के सौ शैय्या अस्पताल भेज दिया गया है। बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए हैं, जिससे पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने में भी दिक्कत हो रही है।

जनप्रतिनिधि पहुंचे

हादसे की खबर फैलते ही क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंच गए। इनमें क्षेत्रीय विधायक अर्चना पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि बादाम पाल, राजीव सिंह गौर (पुच्ची) और मुनीश मिश्रा शामिल हैं। उन्होंने प्रशासन से घायलों को तुरंत बेहतर इलाज मुहैया कराने और मृतकों के परिवारों को मदद देने की मांग की। स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया स्थानीय लोग इस हादसे को लेकर काफी नाराज हैं।

उन्होंने कहा कि इस रोड पर भारी वाहनों की रफ्तार ज्यादा होती है और सुरक्षा के इंतजाम कम हैं। उन्होंने प्रशासन से इस चौराहे पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि हादसे की जांच की जा रही है। कंटेनर चालक की भी तलाश की जा रही है। मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है। पूरी घटना की जांच के बाद रिपोर्ट दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *