नागौर में हाईवे पर खौफनाक हादसा, केमिकल से भरे टैंकर में जबरदस्त ब्लास्ट के बाद लगी भीषण आग; मची अफरा-तफरी

नागौर में हाईवे पर खौफनाक हादसा, केमिकल से भरे टैंकर में जबरदस्त ब्लास्ट के बाद लगी भीषण आग; मची अफरा-तफरी

Nagaur News: नागौर-लाडनूं राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित डेह बायपास पर बुधवार रात को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब केमिकल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर पलटते ही उसमें भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि आसपास के दो दर्जन से अधिक गांवों से साफ नजर आ रही थीं। गनीमत रही कि हादसे में बाड़मेर निवासी चालक लुकमान सुरक्षित बच गया।

जानकारी के अनुसार टैंकर गुजरात के गांधीधाम से 30 टन ‘एमिके’ केमिकल लेकर सोनीपत, हरियाणा जा रहा था। नागौर में डेह बायपास पर संतुलन बिगड़ने से पलट गया और देखते ही देखते आग का गोला बन गया। सूचना मिलने पर सुरपालिया थाना की टीम और हरिमा टोल प्लाजा की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से दोनों तरफ का ट्रैफिक रोक दिया, इससे सड़क पर लंबा जाम लग गया।

नगर परिषद की दमकलों ने संभाला मोर्चा

नगर परिषद नागौर की दमकलें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सबसे नजदीक होने के बावजूद सीमेंट कंपनी की दमकल सबसे देरी से पहुंची। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत और चार दमकलों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। मौके पर 6 एम्बुलेंस तैनात की गईं।

प्रशासनिक अमला रहा मुस्तैद

हादसे की सूचना मिलते ही डेह तहसीलदार तेजपाल पारीक, बीसीएमओ रतनाराम बीडियासर, डेह सीआईसी टीम प्रशासक रणवीर सिंह उदावत, थानाधिकारी सुमन चौधरी सहित एम्बुलेंस 108 के चालक हरीराम बुडीया और 1033 चालक सुनील मौके पर पहुंचे। राहत कार्यों शुरू करवाया। देर रात मार्ग पर यातायात सुचारू किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *