हिसार शहर के कैंप चौक से एक होमगार्ड की कार चोरी का मामला सामने आया है। खास बात यह रही कि पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए चोर का करीब 5 किलोमीटर तक पीछा किया, लेकिन आखिरकार आरोपी आंखों से ओझल हो गया। शिव नगर निवासी मनजीत, जो होमगार्ड में कार्यरत है। मनजीत ने बताया कि 3 अप्रैल की रात करीब 1:30 बजे वह विद्युत नगर से अपनी सफेद रंग की 2024 मॉडल कार (HR20AZ1284) में दोस्तों के साथ कैंप चौक पहुंचा था। यहां उसने किरयाणा दुकान के सामने कार खड़ी की और चाबी अपने पास रखकर दुकान की ओर चला गया। इसी दौरान एक अज्ञात युवक उसकी कार लेकर फरार हो गया। चलती कार देखकर पीछा किया
मनजीत ने जैसे ही कार को जाते देखा, वह तुरंत पीछे दौड़ा, लेकिन चाबी रास्ते में कहीं गिर गई। इसके बाद भी उसने हार नहीं मानी और एक एक्टिवा सवार से लिफ्ट लेकर चोर का पीछा शुरू कर दिया। करीब 5 किलोमीटर तक परिजात चौक की ओर पीछा करने के बावजूद आरोपी कार समेत फरार होने में कामयाब रहा। अर्बन एस्टेट चौकी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है।


