पाली में सोमवार शाम ढलने पर शुभ मुहूर्त में होलिका दहन शहर के विभिन्न मोहल्लों में किया गया। इस दौरान गाजे-बाजे के साथ नन्हें दूल्हों को होलिका दहन स्थल पर दूल्हे की तरह कई परिवार घोड़ी पर बिठाकर लाए। पूरे रास्ते ढोल और बैंडबाजों पर नाचते हुए होलिका दहन स्थल पहुंचे। जहां नन्हें दूल्हे को उनके काका या मामा ने गोद में उठाकर होली क फेरे लगवाते नजर आए।
मान्यता है कि ऐसा करने से बच्चा बुरी नजर से बचा रहता है। कई जगह होली दहन के बाद युवा चंग की थाप पर फाग गीत गाते, डांस करते नजर आए। तो कहीं जगह DJ पर युवा डांस करते दिखे। होली के चारों तरफ आकर्षक रंगोली सजाई गई। होली को महिलाओं ने चुनरी ओढ़ाई तथा विधिवत रूप से पूजा-अर्चना की। कई जने होली दहन की आग में गेंहू की बालियां सेंकते नजर आए। बता दे कि पाली में शाम 6:22 से 8:53 तक होली दहन का श्रेष्ठ मुर्हूत मानाया गया। ऐसे में ज्यादातर जगह इसी दरम्यान होलिका दहन किया गया।
जगह-जगह पुलिस जाप्ता तैनात
होली पर्व पर सुरक्षा को लेकर पाली शहर के प्रमुख चौराहों और मोहल्लों में सोमवार को पुलिस के जवान तैनात नजर आए। एएसपी जयसिंह तंवर ने बताया कि पाली शहर में 386 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था में ड्यूटी पर लगाया है। इसके साथ ही पुलिस की गाड़ियों से भी शहर में राउंड किया जाएगा।


