गोरखपुर के पाण्डेयहाता में इस वर्ष भी होलिका दहन का उत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। श्री होलिका दहन उत्सव समिति के द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। शुभ मुहूर्त शुरू होते ही लोग होलिका दहन स्थल के पास एकत्रित होने लगे। समिति के सदस्यों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद भक्त प्रह्लाद और भगवान नरसिंह के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। अब देखिए कुछ तस्वीरें… युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने “जय श्री राम” और “जय हनुमान” के नारे लगाकर माहौल को और जोशीला बना दिया। दैनिक भास्कर से बातचीत में स्थानीय निवासी डॉ. निरंकार राम त्रिपाठी ने बताया कि होलिका दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह पर्व अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देता है। उन्होंने बताया कि पाण्डेयहाता में यह उत्सव लगभग 100 वर्षों से लगातार मनाया जा रहा है। इस दिन क्षेत्र के सभी लोग एक साथ जुटते हैं और पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लेते हैं। होलिका दहन के साथ ही पूरे शहर में होली की मस्ती शुरू हो जाती है। लोगों ने बताया कि इस बार रंगों का त्योहार 4 मार्च को मनाया जाएगा, जिसकी तैयारियां अभी से शुरू हो गई हैं। उत्सव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। अभिनव त्यागी, एसपी सिटी, ने पाण्डेयहाता स्थित होलिका दहन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।


