बठिंडा में होली पर हुड़दंग, पुलिस ने संभाली कमान:अजीत रोड पर 6 टीमें तैनात, कानून तोड़ने वालों पर कार्रवाई

पंजाब के बठिंडा शहर में होली का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। अजीत रोड पर बड़ी संख्या में लड़के-लड़कियां एक-दूसरे को रंग लगा रहे हैं। हालांकि, कुछ लोगों के हुड़दंग से स्थानीय निवासियों को परेशानी हो रही है। घरों के मालिकों का कहना है कि कुछ युवक उनके घरों में घुसकर उन्हें परेशान कर रहे हैं। डर के कारण घरों में कैद लोग निवासियों ने बताया कि वे सुबह से ही डर के माहौल के कारण अपने घरों के अंदर बैठे हैं। उनका आरोप है कि अगर वे बाहर निकलते हैं, तो लड़के उन्हें घेर लेते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस समस्या का समाधान निकालने की मांग की है। यह क्षेत्र छात्रों का- एसएचओ सिविल लाइंस थाने के एसएचओ रविंदर सिंह ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र छात्रों का है और अधिकांश लोग शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाते हैं। हालांकि, जो भी व्यक्ति कानून अपने हाथ में लेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। छह अलग-अलग टीमें तैनात एसएचओ ने बताया कि होली के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बठिंडा के अजीत रोड पर छह अलग-अलग टीमें तैनात की गई हैं। ये टीमें गलियों और मोहल्लों में जाकर उन नौजवानों को रोक रही हैं, जो सड़कों और बाजारों में हंगामा कर रहे हैं। जहां भी युवाओं की बड़ी भीड़ दिख रही है, उन्हें तितर-बितर किया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *