सीकर. माथे पर भगवा साफा, हाथ में भगवा ध्वज, जुबान पर भगवान राम के जयकारे और भक्ति गीतों पर मस्त होकर झूमते मतवारे…बरसते फूल-फरियों, बजते ढोल- नगाड़े और डमरुओं के बीच रामनवमी पर गुरुवार को भानुकुलनंद भगवान राम की भव्य शोभायात्रा निकली तो लाखों भक्तों का हुजूम ऐसा उमड़ा कि चार किमी तक भी उसका ओर- छोर नहीं दिखा। जहां तक नजर गई वहां तक बस आस्था, आनंद और उल्लास से उमगते-उमड़ते जनसमूह ही दिखाई दिए। हर चेहरा भक्ति की मस्ती में सराबोर तो हर कदम उत्साह से भरा था।







