लोहरदगा|मनोहर लाल अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज एवं शीला अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर के भैया-बहनों द्वारा हिन्दू नव वर्ष के शुभ अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आकर्षक पद संचलन निकाला गया, जिसके माध्यम से समाज को नव वर्ष की मंगलकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के प्राचार्य बिपिन कुमार दास, आचार्यों व छात्र-छात्राओं द्वारा डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्पार्चन के साथ हुई। इसके पश्चात डॉ. हेडगेवार की जयंती श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाई गई। इस दौरान पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रसिद्ध कविता हिन्दू तन मन हिन्दू जीवन, रग-रग हिन्दू मेरा परिचय का सामूहिक गायन किया गया, जिससे वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। हिन्दू नव वर्ष के उपलक्ष्य में शुभकामना पत्र निर्माण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें भैया-बहनों ने एक से बढ़कर एक आकर्षक व सृजनात्मक कार्ड तैयार किए। इसके साथ ही महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य बिपिन कुमार दास ने कहा कि हिन्दू नव वर्ष भारतीय संस्कृति में विशेष महत्व रखता है। यह नव संवत्सर (विक्रम संवत) का प्रारंभ है, जो नई ऊर्जा, आशा और सकारात्मक परिवर्तन का प्रतीक है। इस दिन से प्रकृति में नव चेतना का संचार होता है और लोग नए संकल्प के साथ जीवन की शुरुआत करते हैं। कार्यक्रम में नीतू कुमारी, रेणु कुमारी, रश्मि साहु, ऋद्धि मिश्रा, कविता कुमारी, सनोज कुमार साहू, रितेश कुमार पाठक, आरती भगत, शिखा राय, रोहित कुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं व छात्र-छात्राएं उपस्थित थीं।


