हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में आज राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को नगद इनाम और सरकारी नौकरी का मामला गूंजेगा। बड़सर से बीजेपी विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने इससे जुड़ा सवाल पूछ रखा है। बता दें कि पांच महीने पहले भारतीय महिला कबड्डी टीम ने बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आयोजित महिला कबड्डी विश्व कप 2025 का खिताब जीता था। इसमें हिमाचल की पांच बेटियों का भी योगदान रहा है। राज्य की स्पोर्ट्स पॉलिसी में ऐसे सभी खिलाड़ियों को नगद इनाम और सरकारी नौकरी देने का प्रावधान है। मगर हिमाचल की कबड्डी खिलाड़ियों को न तो नगद राशि दी गई और न ही सरकारी नौकरी। हालांकि, सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रोहड़ू की क्रिकेटर रेणुका को एक करोड़ के इनाम की घोषणा कर दी थी, लेकिन कबड्डी खिलाड़ियों के आग्रह करने के बावजूद उन्हें अब तक न तो इनाम और न नौकरी मिली। ऐसे में आज सदन में इस मसले पर गरमाहट देखने को मिल सकती है। एंबुलेंस कर्मचारियों का मुद्दा भी सदन में गूंजेगा विधानसभा में 108 और 102 एंबुलेंस कर्मचारियों का मामला भी उठेगा। बीजेपी विधायक डॉ. जनकराज ने इनके नियमितीकरण, उचित मानदेय और सर्विस कॉन्ट्रैक्ट से जुड़ा सवाल पूछ रखा है। दरअसल, ये एंबुलेंस कर्मचारी पिछले 15 सालों से नाममात्र मानदेय पर सेवाएं दे रहे हैं, फिर भी इनका भविष्य सुरक्षित नहीं है। ये कर्मचारी एक कंपनी के माध्यम से कार्यरत हैं। कई कर्मचारियों को ईपीएफ नहीं मिल रहा है या फिर दोनों शेयर कर्मचारियों से ही काटे जा रहे हैं। इन कर्मचारियों के ड्यूटी आवर्स भी निर्धारित नहीं हैं। इससे एंबुलेंस कर्मचारी अपने आप को शोषित महसूस कर रहे हैं और बार-बार हड़ताल पर उतरते रहे हैं। ऐसे में इन कर्मचारियों को लेकर सरकार के जवाब पर सबकी नजरें टिकी हैं। इसके अलावा भी स्वास्थ्य और लोक निर्माण विभाग से जुड़े सवाल सदन में गूंजेंगे। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा जारी रहेगी प्रश्नकाल के बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा जारी रहेगी। अंत में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तीन दिन से चल रही चर्चा का जवाब देंगे।


