गुजरात हाईकोर्ट, अहमदाबाद ग्रामीण कोर्ट को बम से उड़ाने की मिली धमकी

गुजरात हाईकोर्ट, अहमदाबाद ग्रामीण कोर्ट को बम से उड़ाने की मिली धमकी

Ahmedabad. गुजरात हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की एक बार फिर से धमकी मिली है। इसके साथ ही अहमदाबाद ग्रामीण कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इन दोनों ही अदालतों को यह धमकी ई-मेल के माध्यम से दी गई है। धमकी भरे ई-मेल मिलने पर सोला हाइकोर्ट की पुलिस ने गुजरात हाईकोर्ट परिसर में पहुंचकर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की मदद से चप्पे-चप्पे की जांच की। गनीमत रही कि कहीं कुछ भी शंकास्पद नहीं मिला। उधर अहमदाबाद ग्रामीण कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने के चलते नवरंगपुरा पुलिस ने कोर्ट परिसर की बीडीडीएस और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच की। वहां भी कुछ भी शंकास्पद नहीं मिला।

ए डिवीजन के एसीपी जे.डी.ब्रह्मभट्ट ने बताया कि धमकी भरा ई-मेल मिलने के चलते उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। बीडीडीएस और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच की गई। कहीं कुछ भी शंकास्पद नहीं मिला। इस संबंध में अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। क्योंकि इससे पहले भी ऐसे धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं।

सोला हाईकोर्ट थाने के पीआइ के.एन.भुकन ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल में दक्षिण भारत के लोगों के साथ अन्याय की बात का उल्लेख था। हाईकोर्ट परिसर को खाली कराने की बात कही गई थी। हमने जांच की और उसमें कुछ भी नहीं मिला। इस प्रकार की धमकी मिलती रहती हैं, लेकिन सतर्कता जरूरी है। धमकी के चलते कोर्ट की कार्यवाही ज्यादा बाधित नहीं हुई।

ग्रामीण कोर्ट परिसर की भी जांच

उधर नवरंगपुरा थाने के पीआइ एम.डी.चंपावत ने बताया कि अहमदाबाद ग्रामीण कोर्ट को धमकी भरा ई-मेल मिलने की सूचना पर कोर्ट परिसर की जांच की गई। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की मदद से चप्पे-चप्पे को जांचा गया। कहीं कुछ भी शंकास्पद नहीं मिला।सूत्रों के तहत वैसे यह पहला मौका नहीं है जब इस प्रकार की धमकी अहमदाबाद ग्रामीण कोर्ट और गुजरात हाईकोर्ट को मिली हो। इससे पहले भी ऐसी धमकी मिल चुकी हैं। स्कूलों को ऐसी धमकी भरे ई-मेल भेजने के मामले में कुछ दिन पहले ही क्राइम ब्रांच ने एक आरोपी को पश्चिम बंगाल से पकड़ा है। वह मूलरूप से बांग्लादेश का रहने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *