गोरखपुर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक रेंज गोरखपुर डॉ. एस. चनप्पा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में व्यापक पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।
आम नागरिकों के साथ बेहतर सामंजस्य बनाएं
पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने शहर के संवेदनशील स्थानों, प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थलों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन तथा आमजन की सुरक्षा से जुड़े हर पहलू की समीक्षा की। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने, संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा आम नागरिकों के साथ बेहतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए।
ट्रैफिक सिस्टम भी परखा गया, जाम से निपटने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश
अधिकारियों ने मौके पर ही यातायात व्यवस्था का भी जायजा लिया और जाम की समस्या से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यस्थिति, चेकिंग व्यवस्था और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र (इमरजेंसी रिस्पॉन्स) को भी परखा गया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने राहगीरों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था का फीडबैक भी लिया। आमजन ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को संतोषजनक बताया।
सघन चेकिंग अभियान चलते रहेंगे
इस अभियान में पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल, पुलिस अधीक्षक यातायात अमित कुमार श्रीवास्तव, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी कैंट अरुण कुमार एस, क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओमकार दत्त तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए आगे भी इसी तरह के औचक निरीक्षण, पैदल गश्त और सघन चेकिंग अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे, ताकि अपराध एवं अवांछित गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और आम जनता को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण प्रदान किया जा सके।


