Iran-Israel Conflict: ईरान और US-इजरायल के बीच शुरू हुई जंग का आज 26वां दिन है। 28 फरवरी से शुरु हुई यह जंग लंबे समय तक चल सकती है। इस जंग के शुरू होने के बाद से इजरायल लेबनान पर लगातार हमला कर रहा है। इजरायली सेना द्वारा लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर किए गए हमलों से अब तक 1,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में 118 बच्चे और 40 स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं।
हिजबुल्लाह ने की एकजुट रहने की अपील
हिजबुल्लाह प्रमुख नईम कासिम ने इजरायल को जवाब देने के लिए राष्ट्रीय एकता का आह्वान किया है। अल जरीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, हिजबुल्लाह प्रमुख नईम कासिम ने कहा- हमारे पास दो रास्ते हैं। पहला या तो हम आत्मसमर्पण करें और अपनी जमीन छोड़ दें, दूसरा रास्ता है कि इजरायल के खिलाफ अपरिहार्य टकराव और उसका प्रतिरोध करें।
इजरायल से बातचीत करना आत्मसमर्पण थोपने के बराबर
लेबनान पर जारी इजरायली हमलों को लेकर हिजबुल्लाह ने बड़ा बयान दिया है। हिजबुल्लाह प्रमुख नईम कासिम ने कहा कि गोलीबारी के बीच इजरायल से बातचीत करना लेबनान पर आत्मसमर्पण थोपने के बराबर है। नईम कासिम ने कहा कि इजरायल द्वारा अपने पड़ोसी पर लगातार बमबारी की जा रही है। ऐसे में लेबनान को इजरायली सरकार के साथ बातचीत के लिए सहमत नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा-गोलीबारी के बीच इजरायली दुश्मन के साथ बातचीत करना आत्मसमर्पण थोपने और लेबनान की क्षमताओं को छीनने के बराबर है। खासकर तब, जब ऐसे दुश्मन के साथ बातचीत को पूरी तरह से खारिज कर दिया जाता है जो जमीन पर कब्जा कर चुका है और रोजाना आक्रामकता कर रहा है। नईम कासिम ने आगे कहा कि हम इस समय एक ही नारे के तहत इजरायल-अमेरिकी दुश्मन के खिलाफ राष्ट्रीय एकता का आह्वान करते हैं कि आक्रमण को रोकना और भूमि और जनता को मुक्त कराना। अन्य सभी मुद्दों पर बाद में चर्चा की जा सकती है।
इजरायल ने दक्षिणी लेबनान पर कब्जा करने की खाई कसम
तनाव के बीच इजरायल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज ने दक्षिणी लेबनान पर कब्जा करने की कसम खाई है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज (Israel Katz) ने ‘दक्षिणी लेबनान’ पर नियंत्रण करने का दृण निश्चय किया है। इजरायल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज ने स्पष्ट किया कि उनकी सेना जल्द ही लिटानी नदी तक पूरे इलाके का नियंत्रण अपने हाथ में ले लेगी, जिससे देश की उत्तरी सीमा की सुरक्षा स्थिति मजबूत होगी।


