Sakshi Dhoni Viral Video, India vs England, T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफ़ाइनल मुक़ाबला गत चैम्पियन भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई स्कोरिंग मुक़ाबले में भारत ने इंग्लैंड को 7 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत चौथी बार टी20 वर्ल्ड कप के फ़ाइनल में पहुंच गया है।
महेंद्र सिंह धोनी अपनी पत्नी के साथ मैच देखने आए
इस मैच को देखने कई सेलिब्रिटी आए हुए थे। बॉलीवुड अभिनतों से लेकर पूर्व क्रिकेटर तक, हर कोई मैदान पर था। पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी अपनी पत्नी के साथ यह मैच देखने आए थे। इस दौरान एक रोचक घटना हुई, जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।
साक्षी धोनी का वीडियो वायरल
जब इंग्लैंड 254 रनों का पीछा कर रहा था, तो 18वें ओवर में जसप्रीत बुमराह की गेंद को जैकब बेथल ने सीधा खेलना चाहा। गेंद बम्प होते हुए फॉलो-थ्रू में गेंद बुमराह के हाथों में चली गई। साक्षी धोनी को लगा बेथल कैच आउट हो गए हैं और वह खुशी से झूम उठीं। साक्षी के साथ अनंत अंबानी की पत्नी राधिका मर्चेंट ने भी जश्न मनाना शुरू कर दिया। उनका जश्न देखकर एमएस धोनी की भी हंसी छूट गई और धोनी हाथ का इशारा कर साक्षी से कहने लगे अरे रुको! आउट नहीं है, शांत हो जाओ। यह देख राधिका भी साक्षी का हाथ पकड़ ज़ोर- ज़ोर से हंसने लगी।
चौथी बार फाइनल में पहुंचकर इतिहास रच दिया
सेमीफाइनल मैच में कई बड़े रिकॉर्ड्स बने। टीम इंडिया ने चौथी बार फाइनल में पहुंचकर इतिहास भी रच दिया है। भारतीय टीम टी20 विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा बार फाइनल में पहुंचने वाली टीम बन गई है। टीम इंडिया ने 2007, 2014, 2024 के बाद चौथी बार खिताबी मुकाबले में अपनी जगह बनाई है। इस मुकाबले में कुल मिलाकर 34 छक्के लगे, जो टी20 वर्ल्ड कप के एक मैच में सबसे ज्यादा हैं। इससे पहले इसी विश्व कप में वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच खेले गए मैच में कुल 31 छक्के लगे थे। भारत और इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने मिलकर सेमीफाइनल मैच में कुल 73 बाउंड्री लगाईं, जो एक नया रिकॉर्ड भी है। इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप 2016 में इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए मैच में कुल 61 बाउंड्री लगी थी।
बनाए कई रिकॉर्ड
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में कुल मिलाकर 499 रन बने। टी20 इंटरनेशनल में इससे ज्यादा रन सिर्फ साल 2023 में साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए मुकाबले में बने थे। साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने मिलकर 517 रन बनाए थे। जैकब बेथेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वह टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की ओर से सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने 48 गेंदों में 105 रनों की लाजवाब पारी खेली।
टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 253 रन लगाए। टीम की ओर से संजू सैमसन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 89 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, शिवम दुबे ने 25 गेंदों में 43 रनों का योगदान दिया। इसके जवाब में बेथेल की शतकीय पारी के बावजूद इंग्लैंड 7 विकेट गंवाकर 246 रन ही बना सकी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मुकाबले में भारत की भिड़ंत 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में न्यूजीलैंड से होगी।





