केंद्रीय एजेंसी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने नशे के बड़े खेल का खुलासा किया है। खेमकरण विधानसभा क्षेत्र के गांव कलसियां कलां के मौजूदा सरपंच के घर छापा मारकर 18 किलो हेरोइन बरामद की है। टीम सरपंच को गिरफ्तार कर अमृतसर ले गई है। एनसीबी की इस छापेमारी से क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है, क्योंकि सरपंच परमजीत सिंह सत्ताधारी पार्टी आम आदमी पार्टी के नेता हैं। परमजीत सिंह को पंजाब सरकार द्वारा नशा मुक्त अभियान के तहत गठित विलेज डिफेंस कमेटी का अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया था। इस संबंध में अमृतसर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार, एनसीबी को सरपंच के नशा तस्करी में नेटवर्क के बारे में सूचना मिली थी। मुखबिर ने उनके पास हेरोइन की बड़ी खेप आने की सूचना दी। इस पर NCB की एक विशेष टीम ने मंगलवार सुबह सरपंच परमजीत सिंह के घर पर छापा मारा।
घर में तलाशी में मिली 18 किलो हेरोइन टीम ने घर पर मौजूद सरपंच परमजीत सिंह को हिरासत में लेकर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान, केंद्रीय एजेंसी ने 18 किलोग्राम हेरोइन जब्त की। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 90 करोड़ रुपये बताई जा रही है। तरनतारन जिले से जुड़े किसी भी पुलिस अधिकारी ने इस कार्रवाई के बारे में जानकारी देने से इनकार किया है। शिरोमणि अकाली दल के खेमकरण विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और प्रवक्ता विरसा सिंह वल्टोहा ने सरपंच की गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है।


