जामनगर : मोटी खावड़ी गांव से 83 लाख की हेरोइन जब्त

जामनगर : मोटी खावड़ी गांव से 83 लाख की हेरोइन जब्त

एसओजी ने होटल के कमरे में की छापेमारी, पंजाब के चार लोग गिरफ्तार

जामनगर. जिले में खंभालिया हाइवे पर मोटी खावड़ी गांव की एक होटल के कमरे में शुक्रवार देर रात छापेमारी कर स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम ने 83 लाख रुपए से ज्यादा की हेरोइन जब्त की। मौके से पंजाब के चार लोगों को गिरफ्तार किया। एक व्यक्ति फरार हो गए।
जामनगर एसओजी के हर्षद, मयूरराजसिंह, फिरोज खफी, बलभद्रसिंह, धर्मेंद्र वैष्णव को मुखबिर से सूचना मिली कि दूसरे राज्य के कुछ लोग जामनगर-खंभालिया हाइवे पर मोटी खावड़ी गांव के पास एक होटल में रुके हैं। ये लोग बेचने के लिए अपने साथ हेरोइन लाए हैं।
पीआइ बी.एन. चौधरी को इस बारे में सूचित किए जाने के बाद पीएसआइ ए.वी. खेर और पी.पी. जाडेजा के नेतृत्व में एसओजी टीम की मोटी खावड़ी पहुंची। होटल में जांच की गई, तो पाया गया कि चार प्रवासी एक कमरे में रुके हैंं। टीम ने उस कमरे में छापेमारी की।
यहां से पंजाब के अमृतसर जिले की अजनाला तहसील के सारंगरा गांव के विशाल सिंह माटू, हरप्रीत सिंह माजवी, अमृतसर जिले की बाबा बकाला तहसील के गगरबाना गांव के ब्रिकमजीत सिंह माजवी, जगदीप सिंह खेड़ा सहित चार लोग मिले। इनके कब्जे से 83 लाख 60 हजार रुपए की 418 ग्राम हेरोइन, 7 मोबाइल, तराजू, एक बैग और 18,500 रुपए नकद जब्त किए गए।

मेघपर पुलिस स्टेशन में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

प्रारंभिक पूछताछ में चारों लोगों ने पांचवें साथी का नाम फिलिप्स उर्फ फौजी बताया। वह अमृतसर जिले की अजनाला तहसील के बोपाराय गांव का निवासी है। पीएसआइ ए.वी. खेर ने सभी पांच लोगों के खिलाफ शिकायतकर्ता के तौर पर मेघपर पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *