MP News : मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में स्थित डॉ. आंबेडकर नगर (महू) के महूगांव इलाके में प्रस्तावित शराब दुकान के विरोध ने उग्र रूप ले लिया। रात करीब 10 बजे दुकान के लिए सामग्री लेकर पहुंचे कंटेनर को रहवासियों, खासकर महिलाओं ने लाठियां लेकर बीच सड़क पर रोक लिया और महू-नीमच हाईवे पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
महिलाओं का आरोप है कि उन्होंने पहले ही प्रशासन को आवेदन देकर स्कूल और मंदिर के पास शराब दुकान न खोलने की मांग की थी, लेकिन इसके बावजूद रात में दुकान शुरू करने की तैयारी की जा रही थी। इससे नाराज होकर महिलाएं सडक़ पर उतर आईं।
कंटेनर को लेकर बढ़ा विवाद, मौके पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही एसडीओपी ललित सिंह सिकरवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित स्थल पर एक खाली कंटेनर पहुंचा था, जिसे देखकर रहवासियों को उसमें शराब होने की आशंका हुई और विरोध शुरू हो गया। पुलिस ने समझाइश देकर रात करीब 10:45 बजे जाम खुलवाया, लेकिन इसके बाद भी महिलाएं मौके पर डटी रहीं।
पहले से जारी था विरोध, विधायक भी पहुंचीं
चिनार वैली और अदिति विहार क्षेत्र की महिलाएं पहले से ही शराब दुकान के विरोध में मोर्चा खोले हुए हैं। इससे पहले रहवासियों ने प्रस्तावित स्थल तक जाने वाले रास्ते में गड्ढे तक खोद दिए थे। सोमवार रात क्षेत्रीय विधायक उषा ठाकुर भी मौके पर पहुंचीं और शिव मंदिर में पूजन के बाद महिलाओं से चर्चा की। महिलाओं ने उन्हें स्कूल, मंदिर और कॉलोनियों की नजदीकी दिखाकर दुकान का विरोध जताया।
प्रशासन ने किया निरीक्षण, नपती की तैयारी
मंगलवार शाम एसडीएम राकेश परमार ने भी मौके पर पहुंचकर जमीन का निरीक्षण किया। रहवासियों ने क्षेत्र की संवेदनशीलता से अवगत कराया। प्रशासन ने वैकल्पिक स्थान की संभावना भी तलाशी है और 2 अप्रेल को जमीन की नपती कराने की बात कही है।
किसी भी हाल में नहीं खुलने देंगे दुकान
रहवासियों और महिलाओं का साफ कहना है कि कॉलोनियों और धार्मिक स्थलों के पास शराब दुकान किसी भी सूरत में नहीं खुलने दी जाएगी। इसके लिए आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी गई है।
खास बातें
-महूगांव इलाके में प्रस्तावित शराब दुकान का विरोध तेज हुआ। देखते ही देखते हालात उग्र हो गए।
-शराब लेकर दुकान पहुंचे कंटेनर को स्थानीय महिलाओं ने लाठी-डंडों के दम पर बीच सड़क पर रोका। महू-नीमच हाईवे पर बैठकर चक्काजाम कर दिया।
-मार्ग बंद होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
-महिलाओं का आरोप है कि, पहले ही प्रशासन को आवेदन देकर सूचित किया गया था कि, खोली जाने वाली दुकान के नजदीक स्कूल और मंदिर है। इसे खोलने की अनुमति न दी जाए, फिर भी दुकान खोलने की तैयारी चल रही थी।
-मौके पर पहुंचे प्रशानिक अफसरों ने वैकल्पिक स्थान पर शराब दुकान शिफ्ट कराने का आश्वासन देने के बाद महिलाओं ने प्रदर्शन खत्म किया, तब जाकर यातायात साम्नय हुआ।


