Heinrich Klaasen on Abhishek Sharma and Travis Head: आईपीएल 2026 में गुरुवार को इडेन गार्डन में कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) और सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) के बीच हुए मैच में एसआरएच ने 65 रन से जीत दर्ज की। मैच के बाद एसआरएच की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन ने अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की तारीफ की।
हेनरिक क्लासेन ने जियोहॉटस्टार पर खास बातचीत में कहा, “अभिषेक और ट्रेविस के बाद बल्लेबाजी करने की यही खूबी है। जब आप अंदर आते हैं और रन रेट पहले से ही 14 या 15 होता है, तो आपको तुरंत स्विंग शुरू करने की जरूरत महसूस नहीं होती। इससे आपको थोड़ा समय मिलता है और बाद में बराबरी कर पाते हैं, बजाय इसके कि पहली गेंद से ही जोर डालें। हमने पिछले कुछ सालों में अपनी गलतियों से सीखा है।”
भज्जी ने की SRH की तारीफ
पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने केकेआर और एसआरएच मैच पर कहा, “जीतना ही मायने रखता है। सनराइजर्स हैदराबाद ने अच्छा खेल दिखाया। उन्होंने आजादी से बल्लेबाजी की, बोर्ड पर बड़ा टोटल लगाया और फिर गेंद से दबाव बनाते रहे। बाद में पिच धीमी हो गई और उनके स्पिनर्स ने इसका बहुत अच्छा इस्तेमाल किया। कुछ पल ऐसे थे, जैसे एक अच्छी पार्टनरशिप के दौरान रन-आउट, जहां गेम का रुख बदल सकता था। नितीश रेड्डी का रिंकू सिंह को आउट करना टर्निंग पॉइंट था। वहां से इतने बड़े टोटल का पीछा करना बहुत मुश्किल हो गया।”
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने ऑलराउंडर नितीश रेड्डी के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए जियोहॉटस्टार पर कहा, “मुझे यह देखकर बहुत अच्छा लगा कि युवा खिलाड़ी अनुभवी खिलाड़ियों के सामने शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। नितीश शानदार रहे हैं और इसके हकदार हैं। वह लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल ही में जब उन्हें नई गेंद से जिम्मेदारी दी गई, तब भी उन्होंने इसे अच्छे से संभाला। मैच में उन्होंने जल्दी एक विकेट लिया, बल्ले से योगदान दिया और अच्छा क्षेत्ररक्षण किया। नितीश ने एक ऑलराउंडर के तौर पर शानदार प्रदर्शन किया।”
चेतेश्वर पुजारा ने युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी की तारीफ करते हुए कहा, “वह शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं। मैच में वह सबसे अलग दिखे। फिन एलन का विकेट जल्दी गिरने के बाद उन्होंने पावरप्ले में बिना डरे खेलने का इरादा दिखाया और फील्ड की पाबंदियों का पूरा फायदा उठाया। दूसरे छोर पर अजिंक्य रहाणे ने कुछ डॉट गेंदें खेलीं, उस समय भी अंगकृष ने मोमेंटम बनाए रखा। आमतौर पर जब वे साथ में बल्लेबाजी करते हैं तो स्ट्राइक रेट में गिरावट आ सकती है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।”


