स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की अग्रिम जमानत याचिका पर HC में आज सुनवाई, शंकराचार्य बोले- करवा लें नार्को टेस्ट

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की अग्रिम जमानत याचिका पर HC में आज सुनवाई, शंकराचार्य बोले- करवा लें नार्को टेस्ट

वाराणसी: बाल यौन शोषण के आरोपों से घिरे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की अग्रिम जमानत याचिका पर शुक्रवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। इससे पहले शंकराचार्य ने अपने नार्को टेस्ट की बात कही है। उन्होंने कहा कि हम जांच में पूरा सहयोग देने को तैयार है। इसके साथ ही उन्होंने पीड़ित बच्चों की कस्टडी को लेकर भी पुलिस पर सवाल उठाए हैं।

अग्रिम जमानत पर आज होगी सुनवाई

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि हमारी जमानत याचिका पर आज हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है और हमारे तरफ से अधिवक्ता अपना पक्ष रखेंगे। अब यह माननीय न्यायालय का फैसला है कि वह हमें अग्रिम जमानत देती है या नहीं। विपक्ष की तरफ से भी यह प्रयास किया जाएगा कि मुझे अग्रिम जमानत ना मिले और न्यायिक प्रक्रिया में ऐसा ही होता है।

नार्को टेस्ट के लिए तैयार हैं शंकराचार्य

शंकराचार्य ने कहा कि झूठ की उम्र लंबी नहीं होती और वह एक ना एक दिन धराशाई हो जाता है। आशुतोष ब्रह्मचारी जो झूठ और कहानी लेकर आए थे, धीरे-धीरे अब उसकी एक-एक परत खुल रही है। शंकराचार्य ने जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़े तो हम नार्को टेस्ट के लिए भी तैयार हैं।

उनके कुछ भी कहने से सब सिद्ध नहीं होगा: शंकराचार्य

शंकराचार्य ने यह सवाल भी उठाया है कि मेडिकल रिपोर्ट में हमारे सम्मिलित होने की बात कैसे आ सकती है। शंकराचार्य ने कहा, “उन्होंने कह दिया कि मेडिकल रिपोर्ट आ गई और उसमें प्रमाणित हो गया कि शंकराचार्य ने ऐसा कृत किया है और आप मान गए?” शंकराचार्य ने कहा कि इतने दिनों के बाद की गई मेडिकल रिपोर्ट का कोई मतलब नहीं रह जाता है। यदि बच्चे के साथ गलत कृत किया गया हो और मेडिकल रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हो रही है, लेकिन वह किया किसने इसका प्रमाण कैसे सामने आएगा।

बच्चे आशुतोष ब्रह्मचारी के पास क्यों: शंकराचार्य

शंकराचार्य ने आरोप लगाया कि बच्चे उन्हीं लोगों के साथ रह रहे हैं, जिन्होंने हमारे ऊपर आरोप लगाया है। जबकि, नियम यह है कि उन बच्चों को जुवेनाइल बोर्ड में भेजा जाए। बच्चों के माता-पिता ने भी इस पर आपत्ति दर्ज नहीं करवाई कि बच्चों को हमें सौंप दिया जाए। उन्होंने कहा, “यह समाचार भी आ चुका है कि बच्चे हरदोई के एक होटल में रखे गए हैं। एक ऐसा व्यक्ति जो हिस्ट्रीसीटर है, बच्चे उसी के कब्जे में क्यों है?” शंकराचार्य ने आरोप लगाया है कि इन बातों पर अगर नजर डालें तो उत्तर प्रदेश पुलिस भी संदिग्ध भूमिका निभा रही है और खुलकर आशुतोष ब्रह्मचारी का समर्थन कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *