Health Safety: मसाला फैक्ट्री पर छापा, मिर्च पाउडर में मिलावट, 7 टन से ज्यादा मिलावटी मसाले सीज

Health Safety: मसाला फैक्ट्री पर छापा, मिर्च पाउडर में मिलावट, 7 टन से ज्यादा मिलावटी मसाले सीज

Spice Factory Raid: जयपुर. प्रदेश में मिलावट के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। “शुद्ध आहार एवं मिलावट पर वार” अभियान के अंतर्गत केंद्रीय दल ने ब्यावर में एक मसाला फैक्ट्री पर छापा मारकर भारी मात्रा में मिलावटी मसाले जब्त किए हैं।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया कि अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के सुपरविजन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत की टीम ने यह कार्रवाई की। मिलावटी मसालों की लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर बुधवार देर रात तक चली इस कार्रवाई में ब्यावर के सराधना इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मैसर्स महावीर गृह उद्योग पर छापा मारा गया।

छापे के दौरान टीम ने पाया कि मिर्च पाउडर में ‘चापड़’ और कृत्रिम रंग मिलाकर मसाले तैयार किए जा रहे थे। मौके से 5480 किलो मिर्च पाउडर और 1400 किलो चापड़ को सीज किया गया। फैक्ट्री परिसर में चापड़ से भरी बोरियों से लदी एक गाड़ी भी बरामद हुई, जिसे मिर्च पाउडर में मिलाकर बाजार में खपाने की तैयारी थी।

1550 किलो हल्दी पाउडर, 700 किलो धनिया पाउडर और 1900 किलो मिर्च पाउडर को भी सीज

इसके अलावा संबंधित दूसरी फर्म मैसर्स गुलाब चंद-उत्तम चंद के परिसर में भी जांच की गई, जहां मिर्च, धनिया और हल्दी को पीसने का कार्य किया जा रहा था। यहां से हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, मिर्च पाउडर और साबुत मिर्च के नमूने लिए गए। साथ ही 1550 किलो हल्दी पाउडर, 700 किलो धनिया पाउडर और 1900 किलो मिर्च पाउडर को भी सीज किया गया।

जब्त किए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब्त किए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद संबंधित फर्मों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सरकार द्वारा मिलावटखोरों के खिलाफ लगातार सख्त रुख अपनाया जा रहा है, ताकि आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। इस कार्रवाई से मिलावट करने वालों में हड़कंप मच गया है और यह स्पष्ट संदेश गया है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *