देवरिया में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी ने बैकुंठपुर में तीन दिवसीय परीक्षण शिविर का आयोजन किया। रविवार को शुरू हुए इस शिविर के पहले दिन लगभग 500 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों ने योजना का लाभ लेने के लिए पंजीकरण कराया। प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र, गोरखपुर की पुनर्वास अधिकारी डॉ. कंचन चौधरी के नेतृत्व में विशेषज्ञों की एक टीम ने चिकित्सीय जांच की। शिविर में आए सभी आवेदकों का उनकी आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के बाद 230 लोगों को योजना के तहत पात्र पाया गया। इन पात्र लाभार्थियों को उनकी जरूरत के अनुसार व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र, छड़ी सहित अन्य जीवन सहायक उपकरण निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे।
इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी देवरिया के सचिव अखिलेन्द्र शाही ने बताया कि यह परीक्षण शिविर 22, 23 और 24 फरवरी तक चलेगा। तीनों दिनों में जांच किए गए पात्र व्यक्तियों की सूची का सत्यापन करने के बाद जल्द ही उपकरण वितरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को सहारा देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि उनका दैनिक जीवन आसान हो सके। रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम में संस्था के कोषाध्यक्ष नवनीत अग्रवाल, रक्तदान प्रभारी अनिल तिवारी, आजीवन सदस्य ऋषिकांत मणि त्रिपाठी, हरिकेश चौहान, कृष्णा वर्मा, अजय मंडल, सोनी रावत, सुदामा वर्मा, गोविंद कुशवाहा और अरविंद सिंह सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित थे।


