रीवा में गुरुवार सुबह एक सड़क हादसे में पुलिसकर्मी की मौत हो गई। चोरहटा थाना क्षेत्र के धौचट-चोरमारी मार्ग पर यह हादसा उस वक्त हुआ जब प्रधान आरक्षक राजेंद्र शुक्ला ड्यूटी पर जा रहे थे। राजेंद्र शुक्ला चित्रकूट में पदस्थ थे और इन दिनों रीवा स्थित पीटीएस में ड्यूटी पर आए हुए थे। वे अपनी बहन के यहां धौचट गए थे और सुबह करीब 5 बजे वहां से ड्यूटी के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में सड़क हादसे का शिकार हो गए।
मवेशी को बचाने में हुआ हादसा स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर अचानक आए मवेशी को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक असंतुलित हुई। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तुरंत संजय गांधी अस्पताल रीवा में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस इस मामले को अलग एंगल देने की कोशिश कर रही है। परिजनों के मुताबिक हादसा चलते ट्रक से हुआ, जबकि पुलिस इसे खड़े ट्रक से टक्कर बताना चाहती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हादसे के बाद पुलिस महकमे में शोक का माहौल है।


