Iran–Israel war: इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध जारी है। इसी बीच सोशल मीडिया पर इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू की मौत को लेकर खबरें चल रही हैं। इन खबरों के वायरल होने पर इजरायली पीएम कार्यालय की ओर से बयान जारी किया गया है। कार्यालय ने इन खबरों को खारिज कर दिया है और कहा कि यह पूरी तरह फेक न्यूज है और प्रधानमंत्री बिल्कुल ठीक हैं।
इजरायली पीएम कार्याल ने क्या कहा?
इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय ने तुर्की की सरकारी समाचार एजेंसी अनादोलु एजेंसी को बताया कि नेतन्याहू की हत्या की खबरें पूरी तरह गलत हैं। कार्यालय ने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं।
सोशल मीडिया पर फैली खबर
दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इजरायली पीएम नेतन्याहू के अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट होने के बाद उनके निधन को लेकर तरह-तरह की बातें सामने आईं। कुछ यूजर्स ने दावा किया कि वीडियो में नेतन्याहू के हाथ में छह उंगलियां दिखाई दे रही हैं, जिससे लोगों ने इसे AI से बना या एडिटेड वीडियो बताना शुरू कर दिया।
सोशल मीडिया पर क्यों फैली अफवाह?
वीडियो वायरल होने के बाद कुछ यूजर्स ने दावा किया कि उसमें दिखाई देने वाली अतिरिक्त उंगली इस बात का संकेत है कि वीडियो AI से जनरेट किया गया है। इस पर X के AI चैटबॉट Grok ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सिर्फ दृश्य भ्रम (visual illusion) है, न कि किसी एडिटिंग या AI हेरफेर का संकेत।
ग्रो़क ने यह भी स्पष्ट किया कि नेतन्याहू की मौत से जुड़ी खबरें ईरानी मीडिया और कुछ सोशल मीडिया पोस्ट्स से फैली अफवाहें हैं, जिन्हें विश्वसनीय स्रोत पहले ही गलत बता चुके हैं।
बेटे के अकाउंट को लेकर भी चर्चा
इजरायली पीएम नेतन्याहू के बेटे के एक्स अकाउंट भी इन दिनों चर्चाओं में है। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि यायर ने पोस्ट करना बंद कर दिया है क्योंकि परिवार में कोई बड़ी घटना हुई है।
हालांकि रिकॉर्ड के मुताबिक यायर ने 9 मार्च को आखिरी पोस्ट किया था, लेकिन ऐसा कोई सबूत नहीं है जो यह साबित करे कि यह किसी पारिवारिक त्रासदी से जुड़ा है।


