हरियाणा विधानसभा में बजट सत्र का आज दूसरा दिन है। सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल के साथ दो बजे से शुरू होगी। इस दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा शुरू होगी। शून्य काल में विधायक घनश्याम दास की तरफ से राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा का प्रस्ताव सदन में रखा जाएगा। भाजपा विधायक कपूर सिंह इस प्रस्ताव का समर्थन करेंगे। इसके बाद सदन में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा शुरू होगी। कांग्रेस की ओर से अशोक अरोड़ा इस प्रस्ताव पर चर्चा आरंभ करेंगे। विधायकों द्वारा प्रश्नकाल में कई मुद्दों पर सरकार को असहज किया जा सकता है। विधायकों के सवालों का जवाब देने के लिए राज्य सरकार के मंत्रियों ने पूरी तैयारी की है। जिन मुद्दों पर सदन में हंगामें के आसार हैं, उनमें गुरुग्राम व फरीदाबाद में रियायती जमीनों पर खुले अस्पतालों का पूरे ब्योरे, अनुसूचित जाति के कर्मचारियों की पदोन्नति में आरक्षण नहीं मिल पाने के मुद्दे शामिल हैं। CM सैनी मंत्रियों के साथ मीटिंग करेंगे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बजट सत्र की कार्यवाही आरंभ होने से पहले अपनी सरकार के मंत्रियों के साथ औपचारिक मीटिंग करेंगे, जिसमें कांग्रेस विधायकों द्वारा हंगामा किए जाने की स्थिति से निपटने की रणनीति पर चर्चा होगी। सदन में नूंह के कांग्रेस विधायक आफताब अहमद द्वारा गुरुग्राम, फरीदाबाद जिलों में उन अस्पतालों की रिपोर्ट मांगी जाएगी, जिन्हें सरकार की तरफ से रियायती दरों पर जमीन उपलब्ध करवाई गई है। इसके लिए इन अस्पतालों द्वारा गरीब मरीजों के मुफ्त उपचार के संबंध में भी सरकार से जवाब मांगा गया है। वहीं दक्षिण हरियाणा के अटेली से विधायक स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव इसका जवाब देंगी। नशे की बिक्री पर पूछेंगे सवाल कलायत के कांग्रेस विधायक विकास सहारन द्वारा अपने हलके में नशीले पदार्थों की बिक्री तथा पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के बारे में रिपोर्ट मांगते हुए युवाओं में बढ़ते नशे के चलन पर चिंता जताई जाएगी। सोनीपत के भाजपा विधायक निखिल मदान ने राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 44 के अंतर्गत सोनीपत में ट्रामा सेंटर बनाने की लेकर सरकार की योजना के बारे में पूछा है। यह मामला भी आरती सिंह राव के विभाग से जुड़ा है। करनाल से भाजपा विधायक जगमोहन आनंद मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार करनाल में विश्राम गृह निर्माण पर सरकार से रिपोर्ट मांगेगे। गीता भुक्कल खराब सड़कों का मुद्दा उठाएगी झज्जर से कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल विधानसभा में आक्रामक नजर आएंगी। उन्होंने अपने हलके के 10 गांवों के नाम विधानसभा में रखते हुए सड़कों की खस्ताहालत पर सरकार से जवाब मांगा है। सुरजेवाला सरकार को खिलाड़ियों के मुद्दे पर थेरते हुए नजर आएंगे। सुरजेवाला ने वर्ष 2019 से लेकर अब तक नकद पुरस्कार तथा स्कालरशिप योजना के अंतर्गत पात्र एथलीटों तथा प्रशिक्षकों के आवेदनों पर स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। कैथल में एसडीएम को झुनझुना थमाने के बाद पुलिस जांच का सामना कर रहे विधायक देवेंद्र हंस भी अपने हलके की सड़कों का मुद्दा सदन में उठाएंगे। यहां पढ़िए पहले दिन की कार्यवाही में क्या हुआ… गवर्नर ने सदन को एड्रेस किया गवर्नर ने अपने अभिभाषण में कहा कि हरियाणा देश में सबसे ज्यादा वृद्धावस्था पेंशन दे रहा है। जिसके लिए बुजुर्गों को किसी भी सरकारी दफ्तर में चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। पात्र लोगों को 60 की उम्र पूरी करते ही फैमिली आई के माध्यम से घर बैठे ही पेंशन उपलब्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सामाजिक आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना को प्रभावशाली तरीके से लागू किया है। मुख्यमंत्री विवाह योजना के तहत गरीब परिवारों की बच्चियों को विवाह 71 हजार रुपए की सहायता सरकार के द्वारा प्रदान की जा रही है। सरकार किसानों को कम लागत अधिक मूल्य वाली व्यवस्था उपलब्ध करवाने का प्रयास कर रही है। मेरी फसल-मेरा ब्योरा योजना के माध्यम से किसानों को हर प्रकार की सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। किसानों को सम्मान निधि योजना और मेरी फसल बीमा योजना के तहत भी बड़ी सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। HPSC कैंडिडेट की पुलिस से हुई झड़प बजट सत्र शुरू होने से पहले ही हरियाणा विधानसभा का घेराव करने जा रहे HPSC कैंडिडेट्स को पुलिस ने चंडीगढ़ सेक्टर 17 बस स्टैंड पर रोक लिया। इसे लेकर पुलिस और कैंडिडेट्स के बीच जमकर नोकझोंक हुई। इसके बाद पुलिस कैंडिडेट्स को बस में बैठाकर अपने साथ ले गई। हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) द्वारा इंग्लिश विषय की इस भर्ती में कुल 2143 कैंडिडेट्स में से केवल 151 ही पास हुए हैं, जबकि भर्ती के लिए 613 पद निर्धारित हैं। कैंडिडेट के 10 प्रतिशत और पदों के 25 प्रतिशत युवा भी क्वालिफाई नहीं होने पर अब इसके पैटर्न पर सवाल उठाए जा रहे हैं। HPSC ने सब्जेक्ट नॉलेज टेस्ट में 35 प्रतिशत अंक का क्राइटेरिया बनाया है, जिसका युवा अब विरोध कर रहे हैं। विधायक बत्रा बोले- विधेयक में क्या, हमें नहीं बताया हरियाणा हाउसिंग बोर्ड भंग कर HSVP में विलय करने के विधेयक पर रोहतक से कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हमें बताया नहीं गया इसमें क्या है। इस पर स्पीकर ने कहा कि पोर्टल पर डाल दिया है। कांग्रेस विधायक रघुवीर कादियान ने हाउसिंग बोर्ड को बहाल करने की मांग रखी। कहा इसमें गरीबों के लिए मकान मिलने हैं। भुक्कल बोलीं- विधेयक पर रि-थिंक किया जाए इसके बाद झज्जर से कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने कहा HSVP में नए सेक्टर कट नहीं रहे हैं। हाउसिंग बोर्ड रूरल एरिया में काफी बार प्रावधान किया था। रिटायरमेंट के बाद गांव में हाउसिंग बोर्ड की कॉलोनी बनती तो अच्छा जीवन हो सकता है। HSVP केवल अर्बन एरिया के लिए है। हाउसिंग बोर्ड सभी के लिए है। इस विधेयक पर रिथिंक किया जाए। हुड्डा बोले- ऐसा क्या फेलियर, जो बोर्ड भंग किया जा रहा इस पर हुड्डा ने सवाल पूछा कि ऐसा क्या फेलियर रहे हैं, जो इसे भंग किया जा रहा है। इसके बार में स्पष्ट किया जाएा। HSVP से अब आम आदमी को प्लाट नहीं मिलता। इसका मकसद साफ होना चाहिए, यह गलत है। सेक्टरों में आवंटन के लिए लॉटरी सिस्टम बंद होने से आम आदमी प्लॉट खरीद नहीं सकता। अब यह सिर्फ प्रॉपर्टी डीलरों तक सीमित रह गया है। सीएम ने दिया जवाब- स्टाफ का भी ध्यान रखा गया इसके बाद सीएम नायब सैनी ने जवाब दिया कि बोर्ड को बंद कर दिया यह कहा जा रहा है, इसको मर्ज किया गया है। स्टाफ का भी ध्यान रखा गया है। हाउसिंग फॉर ऑल और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण का नेचर ऑफ वर्क जैसा है। हाउसिंग बोर्ड का काम इतना नहीं है कि इसके किसी कर्मचारी को कोई दिक्कत नहीं है। इंदूराज नरवाल को जवाब देने का समय बढ़ाया गया उधर, कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा की ओर से बरोदा से कांग्रेस विधायक इंदूराज नरवाल के खिलाफ लाए गए प्रस्ताव पर जवाब देने के लिए विशेषाधिकार समिति को समय दिया गया है। मोहलत अगले सेशन तक बढ़ाई गई। इस पर नेता प्रतिपक्ष ने नरवाल का बचाव किया। उन्होंने कहा कि इस मामले में इंदूराज नरवाल मीडिया के सामने रेगरेट फील कर चुके हैं। इस पर स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि मामला प्रीविलेज कमेटी के समक्ष पक्ष रखने का है। बता दें कि कालका से भाजपा विधायक शक्ति रानी शर्मा ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस विधायक इंदूराज नरवाल ने उनके परिवार के खिलाफ सदन में आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं।


