Hardoi Accident: हरदोई में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर ने एक ही परिवार की खुशियों को पलभर में उजाड़ दिया। भाई अपनी बहन को सीटेट परीक्षा दिलाने निकला था। साथ में मौसी भी थीं। रास्ते में हुए भीषण हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि अधूरी रह गई। उम्मीदों की दर्दनाक कहानी बन गया।
Hardoi Accident: यह दर्दनाक हादसा हरदोई के सुरसा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 8:15 बजे ढोलिया चौराहा के पास हुआ। फतियापुर गांव निवासी आदर्श अवस्थी (20) अपनी बहन मधु अवस्थी (23) को सीटेट की परीक्षा दिलाने बाइक से निकले थे। बाइक पर उनकी मौसी कामिनी पांडेय (40) भी सवार थीं। जिन्हें आदर्श पहले बावन चुंगी स्थित उनके ससुराल छोड़ने वाला था। इसके बाद बहन को परीक्षा केंद्र पहुंचाने की योजना थी।
बाइक सवार हवा में उछलकर सिर के बल गिरे
तीनों एक ही बाइक से हरदोई शहर की ओर जा रहे थे। तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कई फीट तक घिसटती चली गई। बाइक सवार हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। आदर्श ने हेलमेट पहन रखा था। लेकिन टक्कर की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मधु और कामिनी भी बुरी तरह घायल हो गईं। कुछ ही देर में उन्होंने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने डंपर को रोकने की कोशिश की। लेकिन चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर सुरसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। डंपर को जब्त कर लिया गया है।
डंपर चालक की तलाश में जुटी पुलिस
परिजनों के अनुसार, आदर्श दिल्ली की एक फैक्ट्री में काम करता था। और चचेरे भाई की परीक्षा के कारण छुट्टी लेकर घर आया था। मधु प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। और सीटेट को लेकर काफी उम्मीदें थीं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में मातम पसरा है। और हर आंख नम है। पुलिस का कहना है कि चालक की तलाश की जा रही है। मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


