महाकाल की पालकी यात्रा में गूंजा हर-हर महादेव

महाकाल की पालकी यात्रा में गूंजा हर-हर महादेव

नासिक के बैण्ड और डमरुओं की ताल से शिवमय हुआ शहर

हिण्डौनसिटी. महाशिवरात्रि पर रविवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। शहर की सडक़ों पर बाबा महाकाल की भव्य पालकी शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। हर-हर महादेव और जय श्री महाकाल के जयकारों से पूरा वातावरण शिव भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा में भगवान महाकाल की सजी-धजी पालकी आकर्षण का केंद्र रही। पालकी के आगे चल रही शिव गणों की टोली ने पारंपरिक वेशभूषा और झांकियों की प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। वहीं नासिक के ढोल बैंड और डमरुओं की गूंजती धुनों ने यात्रा में जोश और उल्लास भर दिया। जिस पर महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भोले बाबा की भक्ति में विभोर हो कर नृत्य किया। शहर की पुरानी आबादी क्षेत्र में शाहगंज स्थित सेवाबारी मंदिर से शिवजी का जलाभिषेक व दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की और उज्जैन से लाई गई बाबा महाकाल की अष्टधातु की प्रतिमा की स्तुति की। यात्रा सेवाबारी मंदिर से प्रारंभ होकर शाहगंज, नीम का बाजार, सर्राफा बाजार, कटरा बाजार, डेम्प रोड, हाई स्कूल कोर्ट रोड होते हुए बयाना मार्ग स्थित टीकाकुंड हनुमान मंदिर पहुंची, जहां बाबा महाकाल की महाआरती की गई। पूरे मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। यात्रा में ध्रुवघटा के संत हरिद्रानंद महाराज भी घोड़ी पर बैठकर शामिल हुए, जिनका भक्तों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान महेद्र उपाध्याय, सतेंद्र शर्मा सहित अन्य लोग घोडी पर बैठकर चल रहे थे। वहीं बौनालाल शिवजी के ध्वज को लेकर आगे आगे चल रहा था। टीकाकुण्ड मंदिर से यात्र शिव कॉलोनी के लिए रवाना हुई, जिसमें वहां के शिवभक्त डीजे के साथ शामिल हुए। पालकी मनीराम पार्क, जिला चिकित्सालय, मोहन नगर महादेव मंदिर, जैन मंदिर रोड और अङ्क्षहसा सर्किल होते हुए नर्मदेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यहां आरती और पूजा-अर्चना के साथ यात्रा का समापन हुआ। यात्रा में विश्व हिन्दू परिषद के सौरभ शुक्ला, महेंद्र पुजारी, भारत सोलंकी, पूर्व पार्षद गोपेंद्र पावटा, आरएसएस के प्रचारक खगेश शर्मा, पंकज सोनी, राहुल महावर व पुष्पेंद भारद्वाज मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *