हांसी विधायक का अभय चौटाला पर पलटवार:भयाना बोले- साबित कर दें किएक इंच जमीन खरीदी तो राजनीति छोड़ दूंगा’

हांसी को जिला बनाए जाने के मुद्दे पर हरियाणा की राजनीति गरमा गई है। इनेलो नेता अभय चौटाला द्वारा लगाए गए आरोपों पर हांसी विधायक विनोद भयाना ने कड़ा पलटवार किया है। शनिवार को PWD रेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भयाना ने चौटाला के बयानों को ‘हताशापूर्ण और तथ्यहीन’ करार दिया। क्या था विवाद? दरअसल, अभय चौटाला ने आरोप लगाया था कि भाजपा विधायक ने हांसी में अपनी निजी जमीनें खरीदी हुई हैं और उन्हें आर्थिक लाभ पहुँचाने के लिए सरकार ने हांसी को जिला घोषित किया है। इसपर विधायक ने कहा कि यदि अभय चौटाला अपना बात साबित कर दें तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा। ‘अपनी संपत्ति का 5% दे दें अभय, मैं पूरी जायदाद छोड़ दूँगा’ अभय चौटाला को चुनौती देते हुए विधायक भयाना ने कहा, “यदि यह साबित हो जाए कि मैंने पिछले तीन वर्षों में अपने निजी लाभ के लिए हांसी में एक इंच भी जमीन खरीदी है, तो मैं उसी दिन राजनीति से संन्यास ले लूँगा।” उन्होंने कटाक्ष करते हुए आगे कहा कि अभय चौटाला अपनी पुश्तैनी जमीन को छोड़कर राजनीति से अर्जित संपत्ति का मात्र 5 प्रतिशत हिस्सा भी अगर मुझे दे दें, तो मैं अपनी पूरी जायदाद उनके नाम करने को तैयार हूँ। विरासत पर हमला और CLU कांड पर सफाई भयाना ने कहा कि ताऊ देवीलाल का नाम देश भर में सम्मान से लिया जाता है, लेकिन उनके वंशजों के कृत्यों के कारण ही उनकी राजनीतिक विरासत कमजोर हुई है। वहीं, CLU कांड पर स्पष्टीकरण देते हुए विधायक ने कहा कि उस समय की वीडियो रिकॉर्डिंग अभय चौटाला के करीबियों ने ही करवाई थी, लेकिन उस वीडियो में न तो मैंने पैसे मांगे थे और न ही मुझे कोई पेशकश की गई थी। इसी आधार पर जांच में मुझे निर्दोष पाया गया था। विकास से डर रहे हैं विरोधी विधायक ने स्पष्ट किया कि हांसी को जिला बनाना जनता की दशकों पुरानी मांग थी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग हांसी के विकास को पचा नहीं पा रहे हैं और जनता को गुमराह करने के लिए भ्रामक बयानबाजी कर रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *