कटनी के कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कन्हवारा में बुधवार दोपहर एक खेत में 32 वर्षीय आदिवासी युवक का अधजला शव मिला। ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। कुठला पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा और जांच शुरू की। मृतक की पहचान कन्हवारा निवासी 32 वर्षीय छब्बू कोल, पिता मुन्ना कोल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह नृशंस हत्या का मामला प्रतीत होता है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि अज्ञात आरोपी ने युवक के सिर पर पत्थर या ईंट जैसी भारी वस्तु से वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने और पहचान छिपाने के इरादे से शव को जलाने का प्रयास किया गया। घटना के संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) डॉ. संतोष कुमार डेहरिया ने बताया कि पुलिस को कन्हवारा के एक खेत में शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मर्ग कायम कर लिया गया है और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।


