2026 की हज यात्रा डिजिटल और AI-युक्त होगी:बलिया में दानिश अंसारी बोले- 1.25 लाख भारतीय हज यात्री जाएंगे सऊदी अरब

2026 की हज यात्रा डिजिटल और AI-युक्त होगी:बलिया में दानिश अंसारी बोले- 1.25 लाख भारतीय हज यात्री जाएंगे सऊदी अरब

केंद्र सरकार का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सऊदी अरब से हज तीर्थ यात्रा की ग्राउंड रिपोर्ट लेकर भारत लौट आया है। उत्तर प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री और हज मंत्री दानिश आजाद अंसारी, जो इस प्रतिनिधिमंडल के चेयरपर्सन भी हैं, ने बलिया में बताया कि 2026 में लगभग 1 लाख 25 हजार भारतीय हज यात्री सऊदी अरब जाएंगे। मंत्री अंसारी ने बताया कि हज यात्रियों के लिए बेहतर से बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना भारत सरकार की प्राथमिकता है। एक हाजी का यात्रा पर लगभग 3.40 से 3.50 लाख रुपए खर्च होते हैं। इसके लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया था, जिसके वे चेयरपर्सन थे। उन्होंने सऊदी अरब में उच्च अधिकारियों से मुलाकात कर जमीनी स्तर पर सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में भारतीय हज यात्री एक महीने से अधिक समय तक सऊदी अरब में रहते हैं। इस दौरान दुनिया भर से लगभग 20 लाख हज यात्री वहां इकट्ठा होते हैं। भारतीय हाजियों को अच्छी आवास और अन्य सुविधाएं मिलें, यह सुनिश्चित करने के लिए सभी पहलुओं को परखा गया है। अंसारी ने बताया कि 2026 की हज यात्रा को डिजिटल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से युक्त बनाया जाएगा। यात्रियों को विशेष हैंडबैंड दिए जाएंगे, जिनमें एक इमरजेंसी बटन होगा। इसे दबाने पर यात्री का स्थान पता चल जाएगा और तुरंत सहायता पहुंचाई जा सकेगी। उन्होंने यह भी बताया कि 150 हज यात्रियों पर एक इंस्पेक्टर उनकी देखरेख और समन्वय के लिए रहेगा। हज कमेटी ऑफ इंडिया और यूपी हज कमेटी की वेबसाइटों के माध्यम से भी यात्रियों को लगातार ट्रैक किया जाएगा और व्यक्तिगत जानकारी पहुंचाई जाएगी। भारत सरकार हर संभव सुविधा मुहैया कराएगी। सऊदी सरकार, विदेश मंत्रालय और केंद्रीय मंत्री भी हज यात्रियों की सुविधाओं के लिए लगातार संपर्क में हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *