बारिश से रद्द नहीं होता मैच तो न्यूजीलैंड से हार जाता पाकिस्तान, खुद पाकिस्तानी खिलाड़ी ने ही खोली अपनी टीम की पोल

बारिश से रद्द नहीं होता मैच तो न्यूजीलैंड से हार जाता पाकिस्तान, खुद पाकिस्तानी खिलाड़ी ने ही खोली अपनी टीम की पोल

न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सुपर-8 मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। शनिवार को इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी, लेकिन बारिश के चलते एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी और मैच रेफरी ने दोनों कप्‍तानों की सहमति से मैच को रद्द घोषित कर दिया। इसी बीच पूर्व पाकिस्‍तानी खिलाड़ी अहमद शहजाद ने बड़ा बयान दिया है। उन्‍होंने कहा कि अच्‍छा हुआ कि मैच बारिश से धुल गया, नहीं पाकिस्‍तान इस मैच को हार जाता। उन्‍होंने ऐसा क्‍यों कहा आइये आपको भी बताते हैं।

‘टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला बेवकूफी भरा’

जियो न्‍यूज के शो ‘हारना मना है’ में अहमद शहजाद ने कहा सलमान आगा एक चीज तो बहुत अच्‍छी कर रहे हैं, वो है टॉस जीतना। लेकिन टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला बेवकूफी भरा था, ऐसा लगा कि कप्‍तान सलमान आगा को कोई अनुभव ही नहीं है। बारिश से प्रभावित मैच में आप आमतौर पर टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करते हैं, ताकि टोटल का ध्यान रखा जा सके और उसे चेज करने का प्लान बनाया जा सके।

दोनों टीमों को बांटे गए 1-1 अंक

बता दें कि इस मैच के रद्द होने के बाद दोनों टीमों के बीच 1-1 अंक बांटे गए हैं। अब पाकिस्तानी टीम इंग्लैंड के खिलाफ 24 फरवरी को मुकाबले में उतरेगी, जिसके बाद पाकिस्तान का सामना 28 फरवरी को श्रीलंका से होगा। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम 25 फरवरी को श्रीलंका से भिड़ेगी, जिसके बाद 27 फरवरी को कीवी टीम का सामना इंग्लैंड से होगा।

पाकिस्‍तान का टूर्नामेंट में अब तक का सफर

वहीं, ग्रुप स्‍टेज की बात करे तो पाकिस्तान की टीम 4 में से 3 मैच जीतकर दूसरे पायदान पर रही थी। पाकिस्तान ने अपने पहले मैच में नीदरलैंड को 3 विकेट से हराया था, जिसके बाद यूएसए के खिलाफ 32 रन से जीत हासिल की। पाकिस्तान को भारत के हाथों हाई-वोल्टेज मैच में 61 रन से करारी हार झेलनी पड़ी थी, जिसके बाद उसने नामीबिया को 102 रन से रौंदा था।

न्‍यूजीलैंड का टूर्नामेंट में अब तक का सफर

दूसरी ओर, न्यूजीलैंड की टीम 4 में से 3 मैच जीतकर ग्रुप-डी की पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर रही। इस टीम ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की थी, जिसके बाद यूएई को 10 विकेट से रौंदा। इसके बाद साउथ अफ्रीका ने कीवी टीम को 7 विकेट से मात दी। हालांकि, कनाडा को 8 विकेट से हराकर न्यूजीलैंड ने शानदार वापसी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *