Spencer Johnson to replace Nathan Ellis in CSK squad ahead of IPL 2026: क्रिकेट जगत में फिर एक बार ऐसा मौका आया है जब पाकिस्तान को ट्रॉल करने के लिए भारतीय मीम पेजों को कंटेंट मिल गया है। ऑस्ट्रेलियाई लेफ्ट-आर्म पेसर स्पेन्सर जॉनसन ने 15 मार्च को PSL 2026 से अपना नाम वापस लेने की घोषणा की थी, मगर उसके ठीक नौ दिन बाद उन्होंने आईपीएल की सबसे सफल टीम चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी पहन ली है।
जॉनसन को 1.5 करोड़ रुपये में साइन कर सुपर किंग्स ने उन्हें चोटिल नेथन एलिस के रिप्लेसमेंट के तौर पर अपने गेंदबाजी आक्रमण में शामिल किया है। आईपीएल की आधिकारिक मीडिया बुलेटिन में पुष्टि हुई है कि स्पेंसर हमवतन एलिस की जगह लेंगे।
व्यक्तिगत कारणों का हवाला देकर PSL को कहा ‘ना’
स्पेंसर जॉनसन को PSL 2026 सीजन के लिए क्वेटा ग्लेडिएटर्स ने डायरेक्ट साइनिंग के जरिए अपनी टीम में शामिल किया था। लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए टीम से अलग होने का फैसला किया, जिसकी आधिकारिक घोषणा 15 मार्च को हुई। जॉनसन के बाहर होते ही क्वेटा ग्लेडिएटर्स ने वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ को उनके रिप्लेसमेंट के रूप में टीम में लिया।
एलिस हैमस्ट्रिंग की चोट के चलते बाहर
ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज नेथन एलिस 11 मार्च को ऑस्ट्रेलिया के घरेलू वन-डे कप के फाइनल मुकाबले में तस्मानिया की ओर से खेलते हुए पुरानी हैमस्ट्रिंग चोट को और गंभीर बना बैठे। होबार्ट में न्यू साउथ वेल्स के खिलाफ खेले गए इस मैच में उन्होंने पांच ओवर गेंदबाजी की और 2 विकेट लिए, लेकिन इसी दौरान उनकी पुरानी चोट फिर उभर आई।
सुपर किंग्स ने अपने बयान में साफ किया कि एलिस को दोबारा मैच में गेंदबाजी करने के लिए कम से कम तीन महीने के लिए मैदान से दूर रहने की जरूरत होगी। 31 वर्षीय एलिस को सीएसके ने 2025 मेगा ऑक्शन में 2 करोड़ रुपये में खरीदा था, और उन्हें 2026 सीजन के लिए रिटेन भी किया गया था।
जॉनसन के आईपीएल करियर पर एक नजर
आईपीएल 2024 में स्पेंसर जॉनसन को गुजरात टाइटंस ने 10 करोड़ रुपये की बड़ी बोली लगाकर खरीदा था, लेकिन उस सीजन में वे केवल पांच मैच खेल सके और चार विकेट ही ले पाए। 2025 में कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ भी उनका सफर कुछ खास नहीं रहा। हालांकि, डेथ ओवरों में यॉर्कर डालने की उनकी क्षमता और 145 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार उन्हें एलिस का एक सटीक विकल्प बनाती है। चेन्नई सुपर किंग्स 2026 का अपना आईपीएल अभियान 30 मार्च को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ शुरू करेगी।



News 