Ranveer Singh Threat Case: बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह को धमकी भरे वॉइस नोट भेजे जाने के बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी कर दी गई है। ये धमकी एक अनजान शख्स ने व्हाट्सएप पर उनके असिस्टेंट को भेजी, जिसमें करोड़ों की मांग की गई है। इस मामले की जांच मुंबई पुलिस सक्रिय रूप से कर रही है। तो वहीं, रणवीर सिंह और उनकी पत्नी दीपिका पादुकोण के मुंबई के प्रभादेवी स्थित BEAU MONDE अपार्टमेंट के बाहर सशस्त्र सुरक्षा गार्ड तैनात कर दिया गया हैं।
सुरक्षा गार्डों को लाइसेंसी हथियार की अनुमति
इस सुरक्षा बढ़ोतरी से वहां रहने वाले अन्य निवासियों में असुविधा और चिंता फैल गई है। सोसाइटी की कमेटी ने लोकल पुलिस स्टेशन में एक ज्ञापन सौंपकर तीन महत्वपूर्ण सवाल उठाए हैं, जिसमें सोसाइटी ने पूछा है कि क्या निजी सुरक्षा गार्डों को लाइसेंसी हथियार लेकर रहने की अनुमति दी गई है? क्या दादर पुलिस स्टेशन ने इस तैनाती के लिए कोई मंजूरी दी है? साथ ही, पुलिस कर्मियों की तैनाती किस विभाग ने की है और उनकी भूमिका क्या है, इसकी जानकारी शेयर की है।
इतना ही नहीं, सोसाइटी की ओर से ये भी बताया गया कि इस तरह की सुरक्षा व्यवस्था पूरी सोसाइटी की सहमति के बिना लगाई गई है, जिससे परिसर के लोगों में असमंजस और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। पुलिस प्रशासन से इससे पहले प्रायोजन की जानकारी शेयर करने की भी मांग की गई है। खबरों के मुताबिक इस धमकी भरे मामले में अन्य फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई नामी हस्तियों को भी धमकियां मिली हो सकती हैं। हालांकि ज्यादातर लोग इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराते दिख रहे हैं। ये घटनाक्रम रोहित शेट्टी के खिलाफ हाल में हुई हिंसात्मक घटना से जुड़ा संदिग्ध माना जा रहा है, जिसमें मुंबई पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है।
मामले की गंभीरता से जांच
मुंबई पुलिस ने कहा है कि वे इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने के लिए सख्त कार्रवाई करेंगे। इस बीच, रणवीर सिंह की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध बरकरार रखे जाएंगे ताकि उनकी और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। एक्टर की सुरक्षा को लेकर बढ़ती घटनाएं फिल्म इंडस्ट्री में चिंता का विषय बनती जा रही हैं। पुलिस और प्रशासन को चाहिए कि वे ऐसी हरकतों को रोकने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाएं और सभी स्टार्स को सुरक्षित माहौल प्रदान करें।



