अमेरिका (United States of America) में गन वॉयलेंस (Gun Violence) की समस्या न तो खत्म हो रही है और न ही कम हो रही है। गन वॉयलेंस यानी कि बंदूक की वजह से होने वाली हिंसा ने अमेरिका को लंबे समय से जकड़ा हुआ है। हर साल अमेरिका में बड़ी संख्या में गोलीबारी के मामले सामने आते हैं, जिनमें सैंकड़ों लोग अपनी जान गंवा देते हैं। अब गन वॉयलेंस के एक और मामले ने अमेरिका को दहला दिया है। यह मामला साउथ कैरोलाइना (South Carolina) राज्य के सेंट हेलेना आइलैंड (St. Helena Island) का है।
बार में हुई गोलीबारी
साउथ कैरोलाइना राज्य के सेंट हेलेना आइलैंड पर एक भीड़भाड़ वाले बार में लोकल समयानुसार रविवार सुबह (भारतीय समयानुसार रविवार की शाम को) अंधाधुंध गोलीबारी का मामला सामने आया है। जिस समय गोलीबारी हुई, उस समय बार में करीब 100 लोग मौजूद थे।
4 लोगों की मौत
गोलीबारी की इस घटना में 4 लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार चारों पीड़ितों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हालांकि पीड़ितों की डिटेल्स फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है।
20 लोग घायल
इस गोलीबारी में 20 लोग घायल भी हो गए। कई घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
मामले की जांच शुरू
लोकल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों के बारे में कुछ पता नहीं चला है और उनकी तलाश की जा रही है। गोलीबारी किस वजह से हुई, यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है।


