राजधानी में सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। नगर निगम जोन-8 की टीम ने महोबा बाजार चौक, टाटीबंध चौक और बिलासपुर मुख्य मार्ग के किनारे अभियान चलाकर करीब 30 अवैध ठेले और गुमटियां हटाईं, वहीं 15 अवैध दुकानों को तोड़ने की कार्रवाई भी की गई। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। अभियान का नेतृत्व जोन-8 की जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल ने किया। इस दौरान कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा, सहायक अभियंता अमन चंद्राकर, अनुराग पाटकर, उप अभियंता लोचन चौहान, अबरार खान, नगर निवेश विभाग की टीम, टीम प्रहरी और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। सड़क किनारे लगा रखा था अतिक्रमण नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक जोन-8 क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-21 शहीद भगत सिंह वार्ड और वार्ड क्रमांक-1 वीर सावरकर नगर में लंबे समय से सड़क किनारे अवैध ठेले, गुमटियां और अस्थायी दुकानें लगाई जा रही थीं। अभियान के दौरान महोबा बाजार चौक से टाटीबंध चौक तक और टाटीबंध चौक से बिलासपुर मुख्य मार्ग तक सड़क किनारे लगाए गए करीब 30 ठेले और गुमटियां हटाई गईं।
टीन और त्रिपाल से बनाई गई थी दुकानें निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ लोगों ने सड़क किनारे टीन और त्रिपाल की मदद से स्थायी रूप से दुकानें बना ली थीं। इन्हें अवैध मानते हुए निगम की टीम ने मौके पर ही करीब 15 दुकानों को तोड़ने की कार्रवाई की।
यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए कार्रवाई नगर निगम का कहना है कि सड़क किनारे अतिक्रमण की वजह से अक्सर यातायात जाम की स्थिति बन जाती थी, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसी को देखते हुए निगम की टीम ने अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया और सड़क को खाली कराया। आगे भी जारी रहेगा अभियान नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान या ठेला लगाने वालों को पहले ही हटाने की चेतावनी दी गई है। नियमों का पालन नहीं करने पर सामान जब्त करने और सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है।


