Benefits of Gulkand In Summer: गर्मी का मौसम आते ही शरीर में गर्मी बढ़ना, एसिडिटी होना, मुंह में छाले होना और थकान महसूस होना बहुत आम हो जाता है। तेज धूप और डिहाइड्रेशन के कारण पाचन भी कमजोर पड़ने लगता है। ऐसे में फ्रिज का ठंडा पानी पीना तो बस कुछ देर का सुकून है, लेकिन अगर आप चाहते हैं कि आपका शरीर अंदर से ठंडा रहे, तो सदियों पुराना नुस्खा गुलकंद सबसे बेस्ट है। गुलाब की ताजी पत्तियां और मिश्री से तैयार यह देसी जैम न केवल खाने में स्वादिष्ट होता है, बल्कि गर्मियों में होने वाली सभी बीमारियों का इलाज भी है। आइए जानते हैं क्यों इस सीजन में गुलकंद आपकी डाइट का हिस्सा होना ही चाहिए।
एसिडिटी और पाचन में राहत
गर्मी में लोग सबसे ज्यादा एसिडिटी से परेशान रहते हैं। ज्यादा तला हुआ खाना, देर से खाना या डिहाइड्रेशन इसके मुख्य कारण बन सकते हैं। गुलकंद का असर ठंडा माना जाता है, इसलिए यह पेट को कूल करने में मदद करता है।
इसे खाने से पाचन तंत्र को आराम मिलता है और पेट में बनने वाला एसिड धीरे धीरे संतुलित होने लगता है। कई लोगों को खट्टी डकार, सीने में जलन या पेट में भारीपन जैसी परेशानी में भी इससे राहत मिलती है। गर्मियों में सुबह खाली पेट थोड़ी मात्रा में गुलकंद लेना पाचन के लिए फायदेमंद माना जाता है।
मुंह के छाले और बॉडी हीट में राहत
तेज गर्मी और शरीर में ज्यादा हीट होने से मुंह में छाले होना आम बात है। बोलने, खाने या पानी पीने में भी दर्द महसूस होता है। गुलकंद इसमें सबसे ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। गुलकंद मुंह के छालों में होने वाली जलन को कम करने और मुंह को आराम देने में मदद करता है। नियमित थोड़ी मात्रा में सेवन करने से शरीर का तापमान संतुलित रखने में भी मदद मिल सकती है।
महिलाओं के लिए बेस्ट है गुलकंद
महिलाओं की सेहत और निखार दोनों के लिए गुलकंद बेस्ट है। गर्मियों में होने वाले हार्मोनल बदलाव, मूड स्विंग्स और पीरियड क्रैम्प में इसका ठंडा असर शरीर को अंदर से रिलैक्स रखता है। अगर आप महंगी क्रीम्स के बिना चेहरे पर नेचुरल ग्लो चाहती हैं, तो गुलकंद को डाइट में जरूर शामिल करें। प्यूबर्टी से लेकर मेनोपॉज तक, हर उम्र की महिलाओं के लिए यह मीठा जैम एक नेचुरल उपाय है।
गुलकंद को इन चीजों में मिलाकर खाएं
गुलकंद को सिर्फ चम्मच से खाने के अलावा कई तरीकों से डाइट में शामिल किया जा सकता है। इसे ठंडे या हल्के गुनगुने दूध में मिलाकर लिया जा सकता है। कई लोग इसे पान, मिल्क शेक, कुल्फी, लस्सी में भी मिलाकर खाते हैं। सुबह खाली पेट आधा से एक चम्मच लेना सबसे आम तरीका माना जाता है।
गुलकंद खाते समय इन 3 बातों का ख्याल रखें-
- इसमें चीनी ज्यादा होती है, इसलिए डायबिटीज के मरीज डॉक्टर से पूछकर ही खाएं।
- अगर गुलाब से एलर्जी है, तो कम मात्रा से शुरुआत करें।
- दिन में 1-2 चम्मच से ज्यादा न खाएं, वरना पेट खराब हो सकता है।


