Ahmedabad. गुजरात माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (जीएसईबी) की ओर से 29 मार्च को ली गई गुजरात कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (गुजकैट) की आंसर की (उत्तर कुंजी) बोर्ड ने शनिवार को घोषित कर दी।
गुजकैट आंसर की पर नजर डालें तो ए ग्रुप, बी ग्रुप दोनों ही ग्रुप के विद्यार्थियों को तीन अंक मिलेंगे। ऐसा इसलिए है क्योंकि भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान के 80 प्रश्नों में से दो प्रश्न ऐसे हैं, जिनके सभी चारों विकल्पों को बोर्ड ने सही माना है। इसके अलावा गणित विषय के पेपर में एक प्रश्न के सभी चारों विकल्प सही घोषित किए गए हैं।
यदि जीव विज्ञान विषय के पेपर की बात करें तो अंग्रेजी माध्यम के पेपर में एक प्रश्न के सभी चारों विकल्प सही घोषित किए गए हैं, एक अन्य प्रश्न के दो विकल्प सही बताए हैं। ऐसे में सही घोषित किए गए विकल्प का जवाब देने वाले विद्यार्थियों को उसका अंक प्रदान किया जाएगा। गुजराती और हिंदी माध्यम के जीव विज्ञान विषय के पेपर में एक प्रश्न के दो विकल्पों को सही घोषित किया गया है। जिन विद्यार्थियों ने इन दो में से जो विकल्प पसंद किया होगा, उसका उन्हें अंक दिया जाएगा।
ज्ञात हो कि गुजरात में डिग्री इंजीनियरिंग (बीई), फार्मेसी (बीफार्म) और डिप्लोमा फार्मेसी (डीफार्म) कोर्स में प्रवेश के लिए गुजरात कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (गुजकैट) देना अनिवार्य है। ऐसा इसलिए है, क्योंकि इन तीनों ही कोर्स में प्रवेश के लिए 12वीं विज्ञान संकाय के भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित एवं जीव विज्ञान विषय के थीयरी के 50 फीसदी अंक और गुजकैट के इन विषयों के 50 फीसदी अंकों को ध्यानार्थ लेते हुए वरीयता सूची (मेरिट लिस्ट) तैयार की जाती है। उसके आधार पर प्रवेश दिया जाता है।
8 अप्रेल तक दर्ज कराई जा सकेगी आपत्ति
जीएसईबी के तहत गुजकैट की आंसर की को लेकर जिस किसी भी विद्यार्थी, शिक्षक या अभिभावक को आपत्ति है, तो वे सबूतों के साथ 8 अप्रेल तक बोर्ड में आपत्ति को दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए उन्हें प्रति प्रश्न 500 रुपए फीस देनी होगी, जिसका चालान भरना होगा।
12वीं बोर्ड परीक्षा में भी 4 सवाल के सभी विकल्प सही
इससे पहले जीएसईबी ने 12वीं विज्ञान संकाय के बोर्ड परीक्षा के पेपर में भी विद्यार्थियों को चार अंक देने की घोषणा की है। क्योंकि कैमिस्ट्री गुजराती हिंदी में एक, फिजिक्स गुजराती में तीन सवाल के सभी चारों विकल्प सही घोषित किए हैं।


