वाराणसी के रामनगर इलाके में बुधवार की रात पुलिस और बदमाश में मुठभेड़ हो गई। कमिश्नरेट पुलिस के ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ में शातिर गोतस्कर फंस गया, जिसे दो किमी दौड़ाकर पुलिस ने गोली मारी। गोवध अधिनियम में लंबे समय से वांछित चल रहे शातिर गौतस्कर गुड्डू अंसारी उर्फ गुड्डू नट के दाहिने पैर में गोली लगी। बुधवार को अचानक पुलिस टीम पर हमला और फिर चार राउंड फायरिंग के बाद रामनगर पुलिस को उसकी गिरफ्तारी की बड़ी सफलता हाथ लगी। घायलावस्था में अस्पताल में भर्ती भी कराया। आरोपी बदमाश पर वाराणसी समेत कई जिलों में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। नाकाबंदी देख पुलिस पर की फायरिंग एसीपी कोतवाली विजय प्रताप ने बताया कि बुधवार रात रामनगर पुलिस टीम ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत क्षेत्र में सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शातिर गोतस्कर गुड्डू अंसारी अपने एक साथी के साथ बाइक से गुजरा, जिसे देखकर पुलिस ने बाइक रोकी तो उसने बंदरगाह मार्ग पर वाहन दौड़ा दिया। पुलिस को पीछा करते दखेकर भागते समय चन्नी माता मंदिर के पास बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसी बीच उनकी बाइक फिसलकर गिर पड़ी और बाइक सवार एक युवक झाड़ियों के बीच से भाग निकला। दूसरा साथी बाइक में फंस गया और गुड्डू अंसारी ने झाड़ियों की आड़ लेकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। हालात को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें गुड्डू अंसारी के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा। हालांकि, उसका साथी बाइक लेकर फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने घायल बदमाश के पास से वही अवैध तमंचा बरामद किया है, जिससे उसने पुलिस पर फायरिंग की थी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। कई जिलों में दर्ज हैं संगीन मुकदमे एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि गुड्डू अंसारी उर्फ गुड्डू नट (निवासी मिर्जामुराद) एक अंतर्जनपदीय शातिर गौतस्कर है। वह रामनगर थाने के केस में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ वाराणसी के अलावा भदोही और मिर्जापुर में भी गोवध और गौतस्करी से जुड़े कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने यह भी खुलासा किया कि 11 जनवरी 2026 को रामनगर थाना क्षेत्र में जिन गो तस्करों को पकड़ा गया था, उनके पास से बरामद पिकअप वाहन गुड्डू अंसारी का ही था, जिसमें गायों की तस्करी की जा रही थी। घायल गौतस्कर को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। फरार साथी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।


