इटावा जंक्शन पर शनिवार रात नई दिल्ली से जयनगर जा रही में चेन पुलिंग होने से ट्रेन अचानक रुक गई। जांच में चौंकाने वाली बात सामने आई कि चेन पुलिंग के आरोप में जीआरपी अलीगढ़ का एक सिपाही पकड़ा गया। उस पर शराब के नशे में आरपीएफ जवानों से अभद्रता करने का भी आरोप लगा। मामले में रेलवे एसएसपी ने सिपाही को निलंबित कर दिया है। शनिवार रात करीब 12 बजकर 55 मिनट पर ट्रेन जब इटावा जंक्शन से गुजर रही थी, तभी अचानक एसीपी चेन पुलिंग हो गई। ट्रेन मालगोदाम के आगे जाकर रुक गई और करीब पांच मिनट तक खड़ी रही। नॉन स्टॉप ट्रेन के अचानक रुकने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग कारण जानने के लिए इधर-उधर देखने लगे। जांच में सिपाही पर लगा आरोप सूचना मिलते ही आरपीएफ इटावा पोस्ट के उपनिरीक्षक संतोष कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यात्रियों से पूछताछ में पता चला कि एम-1 कोच से एक वर्दीधारी सिपाही चेन खींचकर नीचे उतरा है। इसके बाद मालगोदाम की ओर जा रहे सिपाही को रोक लिया गया, जिसने अपना नाम अमजद खान बताया और खुद को जीआरपी अलीगढ़ में तैनात बताया। नशे में अभद्रता, सस्पेंशन की कार्रवाई आरपीएफ के अनुसार सिपाही ने रोकने पर रुआब दिखाया और उपनिरीक्षक से अभद्रता करने लगा। उस पर शराब पीने का शक होने पर मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें नशे की पुष्टि हुई। इसके बाद पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई। रेलवे एसएसपी आगरा मंडल अनिल कुमार झा ने प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए सिपाही को निलंबित कर दिया और जांच के आदेश दिए। जीआरपी अलीगढ़ के प्रभारी निरीक्षक संदीप तोमर ने कहा कि सिपाही ड्यूटी पर था और चेन पुलिंग की सूचना पर जांच के लिए उतरा था। उन्होंने इस पूरे मामले को संभावित मिसकम्यूनिकेशन बताया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और दोनों विभागों के बीच समन्वय की भी पड़ताल की जा रही है।


