बड़वानी में ठंड का असर तेजी से बढ़ रहा है। बीते तीन दिनों से शहर में रात के साथ दिन में भी सर्द हवाएं चल रही हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि अधिकतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड बढ़ने के बावजूद जिले में सुबह की पाली में लगने वाले निजी स्कूलों का समय नहीं बदला गया है। पिछले महीने भी ठंड बढ़ने पर प्रदेश के सभी कलेक्टरों को अपने क्षेत्र की स्थिति के अनुसार स्कूलों का समय बदलने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, बड़वानी प्रशासन ने केवल आंगनवाड़ियों का समय सुबह 10 बजे किया था। अब भी बच्चे सर्द मौसम और कोहरे के बीच ठिठुरते हुए स्कूल जाने को मजबूर हैं। नगर पालिका द्वारा भी अब तक शहर के सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की कोई व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे लोगों को ठंड से बचाव के लिए निजी स्तर पर ही इंतजाम करने पड़ रहे हैं। इस ठंड से रबी सीजन की फसलों को फायदा मिल रहा है। वहीं, जनजीवन में भी बदलाव देखने को मिल रहे हैं। सुबह-शाम चाय की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है, और गर्म कपड़ों के साथ तिल-गुड़ की गजक का बाजार भी तेज हो गया है। आगे और गिरेगा पारा कृषि विज्ञान केंद्र की मौसम इकाई के प्रभारी रवींद्रसिंह सिकरवार ने बताया कि मौसम साफ होने से ठंड का असर और बढ़ा है। उत्तरी क्षेत्र की सर्द हवाएं निमाड़ में दस्तक दे चुकी हैं, जिनकी गति फिलहाल 5 से 7 किलोमीटर प्रति घंटा है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में दिन और रात दोनों के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।


