मेरठ में दूल्हे की गाड़ी में लगी आग:दूल्हा-दुल्हन सुरक्षित, चालक पर लापरवाही का आरोप

मेरठ में दूल्हे की गाड़ी में लगी आग:दूल्हा-दुल्हन सुरक्षित, चालक पर लापरवाही का आरोप

मेरठ के जानी थाना क्षेत्र के कस्बा धौलड़ी में सोमवार देर रात दूल्हे की गाड़ी में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि हादसे से कुछ देर पहले दूल्हा-दुल्हन गाड़ी से उतर चुके थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दूल्हे के पिता ने गाड़ी के चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना सोमवार रात करीब डेढ़ बजे हुई। दूल्हा-दुल्हन को उतारने के बाद कार कुछ ही दूरी पर गई थी कि बोनट से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। फायर फाइटरों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। दूल्हे के पिता गुलाब पुत्र हाजी बड्डे ने जानी थाने में तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सोमवार को उनके बेटे ईनाम की बारात गाजियाबाद गई थी। रात करीब डेढ़ बजे बारात धौलड़ी पहुंची। दूल्हा-दुल्हन को उतारने के बाद कार चालक इरफान खांडा कुछ ही दूर गया था, तभी चालक इरफान की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि यदि दूल्हा-दुल्हन समय रहते नीचे न उतरते, तो जान का बड़ा नुकसान हो सकता था। उन्होंने कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिल गई है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *